भोपाल: पर्यटन की दुनिया में मध्यप्रदेश अब सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक ब्रांड बनने की ओर अग्रसर है. अपनी नैसर्गिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक विविधता के कारण अब यह राज्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रहा है. इसी दिशा में एक बड़ा कदम है मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM)–2025, जिसका आयोजन 11 से 13 अक्टूबर तक भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में किया जा रहा है.
27 देशों के विशेषज्ञ होंगे शामिल
इस मेगा इवेंट में 27 देशों से 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स और एक्सपर्ट हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही सैकड़ों देशी टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियां और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी नामचीन हस्तियां भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी. इंडोनेशिया, फ्रांस, पोलैंड, नीदरलैंड, स्पेन, आयरलैंड जैसे देशों के प्रतिनिधि मध्यप्रदेश की खूबसूरती को करीब से देखने और उसे अपने देशों में प्रमोट करने आ रहे हैं.
पर्यटन, रोजगार और निवेश को मिलेगा नया आयाम
MPTM-2025 न सिर्फ राज्य की सुंदरता को वैश्विक मंच पर पेश करेगा, बल्कि पर्यटन से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों और निवेश के लिए नए रास्ते खोलेगा. इस आयोजन के दौरान 3000 से अधिक B2B मीटिंग्स होंगी, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग और सहयोग का अवसर मिलेगा. साथ ही, हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे.
फिल्म और वेडिंग टूरिज्म को भी मिलेगा बढ़ावा
यह आयोजन सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है. इसमें फिल्म निर्माण, डेस्टिनेशन वेडिंग, ईको-टूरिज्म और कल्चरल टूरिज्म को भी प्रमुखता दी जा रही है. मध्यप्रदेश की विविधता और प्राकृतिक लोकेशन्स को ध्यान में रखते हुए फिल्म मेकर्स और वेडिंग प्लानर्स के लिए भी यह आयोजन बेहद अहम साबित होगा.
विदेशी मेहमानों का उत्साह
इस कार्यक्रम को लेकर अंतरराष्ट्रीय मेहमानों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इंडोनेशिया से जोहारी सोमाद ने कहा, “मध्यप्रदेश की सुंदरता को दुनियाभर में पहुंचाना हमारा लक्ष्य है. इस निमंत्रण के लिए मैं राज्य का आभार व्यक्त करता हूं.” इसी तरह, जर्मनी से राजेश पिल्लई, फ्रांस से गी याजे, पोलैंड के कमिल कुरक और नीदरलैंड के कॉर्नेलिस जोहान्स जैसे कई एक्सपर्ट्स ने मध्यप्रदेश की सुंदरता को दुनियाभर में प्रमोट करने का भरोसा जताया है.
मध्यप्रदेश बनेगा "ग्लोबल आइकन इन टूरिज्म"
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट का उद्देश्य स्पष्ट है – राज्य को वैश्विक टूरिज्म, फिल्म, और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना. यह आयोजन न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूती देगा, बल्कि स्थानीय समुदायों को भी सशक्त बनाएगा. निवेश, साझेदारी, और रोजगार की नई संभावनाएं इस आयोजन से जन्म लेंगी.
ये भी पढ़ें: जहरीली दवा Coldrif कफ सिरप मामले में बड़ा एक्शन, कंपनी मालिक रंगनाथन की हुई गिरफ्तारी