यूक्रेनी ड्रोन हमले से दहला मॉस्को, एक भारतीय नागरिक की मौत; तीन घायल

Russia-Ukraine War: मॉस्को में रविवार देर रात हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई. इस हमले में तीन अन्य भारतीय कर्मचारी घायल भी हुए हैं. रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की जानकारी दी है और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है.

Moscow shaken by Ukrainian drone attack one Indian citizen killed three injured
Image Source: ANI/ File

Russia-Ukraine War: मॉस्को में रविवार देर रात हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई. इस हमले में तीन अन्य भारतीय कर्मचारी घायल भी हुए हैं. रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की जानकारी दी है और मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है.

भारतीय दूतावास ने दी जानकारी

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि मॉस्को क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय कर्मचारी की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. दूतावास के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की.

प्रभावित कर्मचारियों की मदद में जुटा दूतावास

दूतावास ने कहा कि वह कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित भारतीय कर्मचारियों को हर जरूरी मदद पहुंचाने का काम कर रहा है. साथ ही हमले में मारे गए भारतीय कर्मचारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की गई है.

हमले में कई लोगों की मौत और घायल

रूसी अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेन की तरफ से किए गए इस बड़े ड्रोन हमले में कुल तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं. रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी TASS की रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने आधी रात के दौरान मॉस्को की ओर बढ़ रहे 81 ड्रोन को मार गिराया.

पिछले एक साल का सबसे बड़ा हमला

रूसी अधिकारियों ने इस हमले को पिछले एक साल में यूक्रेन की तरफ से किया गया सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया है. रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मॉस्को समेत देशभर में कुल 556 ड्रोन को नष्ट किया गया है.

ऑयल रिफाइनरी सुरक्षित, कुछ घरों को नुकसान

रूसी अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन हमले के बावजूद मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. हालांकि आसपास के तीन घर क्षतिग्रस्त हुए हैं.

ये भी पढे़ं- स्वीडन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, आसमान में फाइटर जेट ने किया एस्कॉर्ट; देखें VIDEO