अफवाह बनी जानलेवा... मुरैना में चलती ट्रेन से कूदे यात्री, सामने से आई पातालकोट एक्सप्रेस, 4 यात्रियों की मौत

Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए. इसी दौरान पास के ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई.

Morena train accident Stampede triggered by fire rumor 4 passengers killed after hit by another
Image Source: Social Media

Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए. इसी दौरान पास के ट्रैक पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई.

आग की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4:15 बजे खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची थी. इसी दौरान ट्रेन के एक डिब्बे में आग लगने की चर्चा फैल गई, जिससे यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया. कई लोग बिना स्थिति की पुष्टि किए ट्रेन से उतरने लगे और कुछ यात्री ट्रैक पर पहुंच गए.

दूसरी ट्रेन आने से हुआ हादसा

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जब यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे लाइन पर पहुंचे, उसी समय दूसरी दिशा से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी. ट्रैक पर मौजूद कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.

चार लोगों की मौत की पुष्टि

राहत और बचाव अभियान में जुटी पुलिस ने बताया कि हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. उनकी पहचान 35 वर्षीय आफरीन, 4 वर्षीय असद, 60 वर्षीय शकुंतला और 58 वर्षीय वीरमा देवी के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, रेलवे अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

रेलवे ने जारी किया प्रारंभिक बयान

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार, झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन खींचे जाने के कारण ट्रेन को बीच सेक्शन में रोकना पड़ा.

रेलवे ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री नीचे उतरकर पास की रेलवे लाइन पर चले गए. इसी दौरान गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से जनहानि हुई.

हादसे की जांच जारी

रेलवे और स्थानीय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफवाह कैसे फैली और यात्रियों के ट्रैक पर उतरने की परिस्थितियां क्या थीं.

ये भी पढ़ें- भारत-फ्रांस साझेदारी को नई उड़ान, नीस में PM मोदी ने शुरू किया 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम