Middle East War: मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष ने पूरे इलाके को गहरे संकट में डाल दिया है. पिछले एक महीने से चल रही इस जंग में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. यह टकराव 28 फरवरी को शुरू हुआ, जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमले किए. इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल, अमेरिकी ठिकानों और खाड़ी देशों को निशाना बनाया. इसके साथ ही लेबनान में भी संघर्ष तेज हो गया और एक नया मोर्चा खुल गया.
अब तक 3400 से ज्यादा लोगों की मौत
इस जंग में अब तक कितने लोग मारे गए हैं, इसे लेकर अलग-अलग स्रोतों से जानकारी सामने आई है. HRANA के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक करीब 3,461 लोगों की मौत हो चुकी है.
इनमें से लगभग 1,551 आम नागरिक बताए जा रहे हैं, जिनमें कम से कम 236 बच्चे भी शामिल हैं. ये आंकड़े जमीनी रिपोर्ट, अस्पतालों, स्थानीय स्रोतों और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार किए गए हैं, हालांकि इनकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
ईरान में सबसे ज्यादा नुकसान
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस एंड रेड क्रिसेंट सोसाइटीज के अनुसार, ईरान में अब तक करीब 1,900 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20,000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
हालांकि, इन आंकड़ों में उन 100 से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया है या नहीं, जो 4 मार्च को श्रीलंका के पास एक ईरानी युद्धपोत पर हुए हमले में मारे गए थे, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
लेबनान में भी भारी तबाही
लेबनान के अधिकारियों के मुताबिक, 2 मार्च से अब तक इजराइली हमलों में 1,238 लोगों की जान गई है. इनमें कम से कम 124 बच्चे शामिल हैं.
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस संघर्ष में हिज़्बुल्लाह के 400 से ज्यादा लड़ाके भी मारे गए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि सरकारी आंकड़ों में इन्हें शामिल किया गया है या नहीं.
लेबनान की सेना ने बताया है कि इस दौरान 8 सैनिक भी मारे गए हैं, जिनमें से अधिकतर दक्षिणी लेबनान में तैनात थे.
अन्य देशों में भी असर
इस जंग का असर केवल ईरान और लेबनान तक सीमित नहीं है. इराक में भी हालात गंभीर बने हुए हैं. वहां के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत हो चुकी है.
इनमें आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न सशस्त्र समूहों के सदस्य और सैनिक भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- पत्नी भेजती है अश्लील वीडियो, सहेलियों से भी शारीरिक संबंध बनाने की मांग... पति ने दर्ज कराई FIR