केरलम के लोगों का मूड अब बदल रहा... पलक्कड़ में रैली को पीएम मोदी ने किया संबोधित, जानें क्या कहा

PM Modi Kerala Rally: नरेंद्र मोदी आज केरलम दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने पलक्कड़ में एक बड़ी रैली को संबोधित किया. अपने भाषण में उन्होंने कहा कि केरल में उन्हें एक नई ऊर्जा और बदलाव की भावना महसूस हो रही है.

mood of the people of Kerala is changing  PM Modi addressed the rally in Palakkad
Image Source: Social Media

PM Modi Kerala Rally: नरेंद्र मोदी आज केरलम दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने पलक्कड़ में एक बड़ी रैली को संबोधित किया. अपने भाषण में उन्होंने कहा कि केरल में उन्हें एक नई ऊर्जा और बदलाव की भावना महसूस हो रही है. उन्होंने कहा कि लोगों की भीड़ और उत्साह साफ दिखाता है कि राज्य में बदलाव का माहौल बन रहा है.

पीएम मोदी ने कहा कि केरल के लोगों का मूड अब बदल रहा है और यह एक बड़े आंदोलन का रूप ले रहा है. उन्होंने कहा कि अब युवाओं, महिलाओं और किसानों का भरोसा भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पर बढ़ रहा है. उनके मुताबिक, राज्य के हर वर्ग में बीजेपी और एनडीए के लिए समर्थन दिखाई दे रहा है.

LDF और UDF पर निशाना

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में केरल की दो प्रमुख राजनीतिक गठबंधनों लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केरल लंबे समय से इन दो गठबंधनों के बीच फंसा हुआ है और दोनों ही पार्टियां सिर्फ वोटबैंक की राजनीति करती हैं. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि इन दलों को राज्य के विकास की कोई चिंता नहीं है.

भ्रष्टाचार के आरोप और जांच की बात

पीएम मोदी ने कहा कि LDF और UDF दोनों ही एक-दूसरे पर आरोप लगाते हैं, लेकिन कभी ठोस कार्रवाई नहीं करते. उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो पिछले सभी घोटालों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी. उनके अनुसार, इसी डर की वजह से दोनों गठबंधन बीजेपी को निशाना बना रहे हैं.

एक-दूसरे को ‘B टीम’ बताने पर तंज

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आजकल कांग्रेस और कम्युनिस्ट एक-दूसरे को बीजेपी की “B टीम” बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे यह साफ होता है कि दोनों ही मान चुके हैं कि केरल में बीजेपी एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है. उनका कहना था कि यह आरोप-प्रत्यारोप दिखाता है कि दोनों दलों को बीजेपी से डर लगने लगा है.

‘विकसित केरल’ का वादा

अपने भाषण के अंत में पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि अगर केरल में बीजेपी-एनडीए की सरकार बनती है तो राज्य का तेजी से विकास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि “विकसित केरल” बनाना उनका लक्ष्य है और यह उनकी गारंटी है. उन्होंने लोगों से कहा कि जो अब तक नहीं बदला, वह अब बदलेगा और केरल को विकास की नई दिशा मिलेगी.

ये भी पढ़ें- Bihar Board 10th Result: बिहार बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी, 2 लड़कियों ने किया टॉप, 81.79% छात्र पास