मोहसिन नकवी को अब भारत को सौंपनी होगी एशिया कप ट्रॉफी, BCCI ने दी अंतिम चेतावनी; ACC को भेजा पत्र

Asia Cup Trophy Controversy: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम अब एक अजीबोगरीब विवाद का सामना कर रही है, वो भी ट्रॉफी को लेकर. मैदान पर मेहनत और प्रदर्शन से जीत दर्ज करने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को अब तक एशिया कप की विजेता ट्रॉफी नहीं सौंपी गई है.

Mohsin Naqvi hand over the Asia Cup trophy to India BCCI issues final warning sends letter to ACC
Image Source: Social Media/X

Asia Cup Trophy Controversy: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हराकर शानदार जीत दर्ज करने वाली भारतीय क्रिकेट टीम अब एक अजीबोगरीब विवाद का सामना कर रही है, वो भी ट्रॉफी को लेकर. मैदान पर मेहनत और प्रदर्शन से जीत दर्ज करने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों को अब तक एशिया कप की विजेता ट्रॉफी नहीं सौंपी गई है.

इस पूरे विवाद के केंद्र में हैं एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी, जिन्होंने भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपने से इनकार कर दिया.

ट्रॉफी लेने से किया इनकार, फिर ACC ऑफिस में छोड़ी गई ट्रॉफी

28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था. लेकिन मैच के बाद भारतीय टीम ने साफ कर दिया कि वे मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे और इसके लिए एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के वाइस चेयरमैन को विकल्प के रूप में सामने रखा. नकवी ने ये मांग ठुकरा दी और इसके बाद ट्रॉफी लेकर होटल चले गए. अंततः ट्रॉफी ACC के दुबई ऑफिस में छोड़ दी गई, और नकवी ने कहा कि "अगर ट्रॉफी चाहिए, तो सूर्यकुमार यादव खुद आकर ले जाएं."

बीसीसीआई ने उठाई आवाज, ICC तक मामला ले जाने की चेतावनी

अब इस मुद्दे पर बीसीसीआई ने सख्त रुख अपनाया है. बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि एसीसी को इस मामले पर औपचारिक ईमेल भेजा जा चुका है जिसमें ट्रॉफी तुरंत भारत को सौंपने की मांग की गई है. सैकिया ने कहा, "अगर ACC से सकारात्मक जवाब नहीं मिला, तो हम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को इस मामले में पत्र लिखेंगे. यह हमारे खिलाड़ियों और देश के सम्मान का सवाल है."

सम्मान से बड़ा कुछ नहीं

भारतीय टीम ने फाइनल जीत के बाद करीब एक घंटे तक ट्रॉफी का इंतजार किया, लेकिन जब स्पष्ट हो गया कि उनकी शर्त नहीं मानी जा रही, तो वे बिना ट्रॉफी लिए ड्रेसिंग रूम लौट गए. पूरे टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान को तीन बार शिकस्त दी थी. इसके बाद खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हैंडशेक करने से भी इनकार किया, एक फैसला जिसे खिलाड़ियों ने भारतीय फैंस की भावनाओं के मद्देनज़र लिया था.

यह भी पढ़ें- कल या फिर परसों कब मनाया जाएगा भाई दूज का त्योहार? जानें सही तारीख और शुभ मुहूर्त