मोहम्मद शमी ने अपने प्रदर्शन से दिया चयनकर्ताओं को जवाब, दो मैच में झटके 15 विकेट

Mohammed Shami In Ranji Trophy: बंगाल और गुजरात के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 28 ओवर में 8 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए.

Mohammed Shami answered selectors with his performance took 15 wickets in two matches
Image Source: Social Media/X

Mohammed Shami In Ranji Trophy: बंगाल और गुजरात के बीच खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 28 ओवर में 8 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए.

यह प्रदर्शन खास तौर पर इसलिए ध्यान खींच रहा है, क्योंकि पिछले कुछ हफ्तों से शमी और टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बीच बयानबाजी चल रही थी. शमी का नाम ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम में नहीं होने की खबरों और फिटनेस पर उठाए गए सवालों के बीच लगातार सुर्खियों में रहा.

शमी और अजीत अगरकर के बीच बयानबाजी

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया की घोषणा के समय अजीत अगरकर ने शमी की फिटनेस पर सवाल उठाए थे, जबकि शमी बार-बार यह दावा करते रहे कि वह पूरी तरह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं. इसके बाद दोनों तरफ से कई बार बयानबाजी हुई. ऐसे समय में शमी का रणजी ट्रॉफी में ये शानदार प्रदर्शन एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि वह अब भी टीम इंडिया के लिए भरोसेमंद तेज गेंदबाज हैं.

रणजी ट्रॉफी में शानदार वापसी

इससे पहले शमी ने उत्तराखंड के खिलाफ 7 विकेट लेकर अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था. अब गुजरात के खिलाफ उन्होंने 28 ओवर में 8 विकेट हासिल कर अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा. खास बात यह रही कि अंतिम पारी में शमी ने 10 ओवर में 5 विकेट लेकर केवल 38 रन दिए, जिससे बंगाल को मुकाबले में 142 रन की बड़ी जीत दिलाने में मदद मिली.

उनका यह प्रदर्शन चयनकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि शमी अभी भी लंबे स्पेल डालने में सक्षम हैं और टीम इंडिया के लिए अहम योगदान दे सकते हैं.

दक्षिण अफ्रीका टेस्ट टीम में वापसी की संभावना

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आगामी टेस्ट सीरीज़ के लिए टीम का चयन अभी तय नहीं हुआ है. पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से शुरू होने वाला है. शमी के हालिया दो रणजी ट्रॉफी मैचों में कुल 15 विकेट ने उन्हें इस सीरीज़ के लिए दावेदार बना दिया है. महत्वपूर्ण यह है कि उन्होंने पहले मैच में 39 ओवर और दूसरे मैच में 28 ओवर फेंके, जिससे यह साबित होता है कि वह लंबे स्पेल डालने के लिए पूरी तरह फिट हैं.

हालांकि भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी विभाग में अब आकाश दीप और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे नए और उभरते खिलाड़ी शामिल हो गए हैं, फिर भी अगर शमी आने वाले समय में इसी लय को बनाए रखते हैं, तो मौजूदा विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) चक्र में उनके लिए यह एक बड़ी खबर होगी.

यह भी पढ़ें- 'फोन पर रिप्लाई दे रहा...' श्रेयस अय्यर की सेहत पर सूर्यकुमार यादव ने दिया अपडेट, जानें क्या बताया?