Central Govt Bonus 2025: भारत में जैसे ही त्योहारी सीजन की शुरुआत हुई, केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए एक खुशखबरी दी है. वित्त मंत्रालय ने ग्रुप C और गैर-राजपत्रित ग्रुप B के कर्मचारियों के लिए वित्त वर्ष 2024-25 में 30 दिनों के वेतन के बराबर एड-हॉक बोनस का ऐलान किया है. यह बोनस करीब 6,908 रुपये तक का होगा, जो न सिर्फ कर्मचारियों की जेब को मजबूत करेगा बल्कि त्योहारी खर्चों को भी आराम देगा.
कौन-कौन कर्मचारी इस बोनस के हकदार हैं?
इस बोनस का लाभ उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में रहेंगे और कम से कम छह महीने की निरंतर सेवा पूरी कर चुके होंगे. इसमें केंद्र सरकार के विभागों के साथ-साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (बीएसएफ, सीआरपीएफ आदि) और सशस्त्र बलों (सेना, नौसेना, वायुसेना) के कर्मचारी भी शामिल हैं. साथ ही, केंद्र शासित प्रदेशों में केंद्र सरकार के वेतनमान पर कार्यरत कर्मचारियों को भी यह बोनस मिलेगा. पूरे साल सेवा करने वाले कर्मचारी पूर्ण बोनस के हकदार होंगे, जबकि आंशिक सेवा करने वालों को काम किए गए महीनों के अनुसार बोनस मिलेगा.
कैजुअल और एड-हॉक कर्मचारियों को भी बोनस का फायदा
सरकार ने खासतौर पर कैजुअल और एड-हॉक कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल किया है. पिछले तीन सालों से लगातार सेवा दे रहे ऐसे कर्मचारियों को भी करीब 1,184 रुपये का बोनस मिलेगा. यह निर्णय विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए राहत का पैगाम है जो आमतौर पर बोनस जैसे फायदे से वंचित रह जाते हैं.
कैसे होगा बोनस का हिसाब?
बोनस की गणना के लिए मासिक वेतन की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये निर्धारित की गई है. कर्मचारियों को उनके वेतन या इस सीमा में से जो भी कम होगा, उसके आधार पर 30 दिनों का बोनस दिया जाएगा. उदाहरण के लिए, यदि किसी कर्मचारी का मासिक वेतन 7,000 रुपये है, तो उसे लगभग 6,908 रुपये बोनस मिलेगा. यह राशि त्योहारी खर्चों में मददगार साबित होगी.
त्योहारों की खुशियों में बोनस का तड़का
इस बोनस की घोषणा से केंद्रीय कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है. न केवल परिवार की त्योहारी खुशियां दोगुनी होंगी, बल्कि इससे बाजार में भी खरीदारी की रौनक बढ़ेगी. सरकार का यह कदम आर्थिक मजबूती देने के साथ-साथ त्योहारों को और भी खास बनाने में मददगार होगा.
ये भी पढ़ें: क्या है 'रोबोटिक सैनिक'? जिन्हें जंग लड़ने के लिए तैयार कर रहा DRDO, ताकत जान थर-थर कांपेंगे दुश्मन