प्रयागराज के चायल से विधायक पूजा पाल को समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित कर दिया गया है. यह फैसला उस समय आया जब यूपी विधानसभा में विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर चर्चा चल रही थी. चर्चा के दौरान कई रंग दिखाई दिए, लेकिन सबसे खास था सपा विधायक पूजा पाल का सीएम योगी की तारीफ करना. उनका यह व्यवहार पार्टी की लाइन से हटकर था और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
चर्चा के दौरान वायरल हुआ वीडियो
पूजा पाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से देखा जा रहा है. इसमें वह विधानसभा में सीएम योगी की तारीफ करती नजर आ रही हैं, जिससे पार्टी में असंतोष बढ़ गया. कई लोगों ने इसे पार्टी विरोधी कदम माना.
यूपी विधानसभा में 'विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर 24 घंटे चली मैराथन चर्चा को संबोधित करते हुए, समाजवादी पार्टी की विधायक पूजा पाल ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियां लागू करके मुझ जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया, जिसके कारण अतीक अहमद जैसे अपराधी मारे गए. सब जानते हैं कि मेरे पति की हत्या किसने की... मैं मुख्यमंत्री का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि उन्होंने मुझे न्याय दिलाया और मेरी बात तब सुनी जब किसी और ने नहीं सुनी.''
उन्होंने आगे कहा, "आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे से देखता है... मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया... मैंने तब आवाज़ उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता... जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया."
पति राजू पाल की हत्या का दर्द
विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की हत्या सिर्फ शादी के 9 दिन बाद कर दी गई थी. अतीक अहमद के गुर्गों ने यह कदम उठाया. बताया जाता है कि इस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश थी. साल 2004 में राजू पाल ने अतीक अहमद के भाई अशरफ को चुनाव में हराया था, जिसके चलते उनकी हत्या कर दी गई.
ये भी पढ़ें: 'बड़ा हसीन है उनकी जबान का जादू, लगा के...', शायराना अंदाज पर विपक्ष पर फायर हुए CM योगी; जमकर लगाई क्लास