IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 23 जनवरी को खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. भारत ने इस मैच में रिकॉर्ड रन चेज करते हुए न्यूजीलैंड को 7 विकेट से शिकस्त दी. इस हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर काफी निराश नजर आए और उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में सेंटनर ने भारत की बल्लेबाजी गहराई की जमकर तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी स्वीकार किया कि मौजूदा हालात में भारत के खिलाफ जीत दर्ज करना बेहद मुश्किल हो गया है.
“भारत के खिलाफ शायद 300 रन भी काफी नहीं”
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान जब मिचेल सेंटनर से पूछा गया कि भारत के खिलाफ सुरक्षित स्कोर क्या हो सकता है, तो उन्होंने हल्की मुस्कान के साथ जवाब दिया, “मुझे लगता है 300 रन.”
उनका यह बयान हार की निराशा के साथ-साथ भारत की आक्रामक बल्लेबाजी का भी साफ संकेत देता है. सेंटनर ने माना कि भारतीय बल्लेबाजों के पास हर गेंद पर खुलकर खेलने की आजादी होती है, जिसका असर विपक्षी टीमों पर साफ दिखता है.
भारतीय बल्लेबाजी की गहराई से प्रभावित सेंटनर
कीवी कप्तान ने आगे कहा कि भारत जैसी टीम के खिलाफ खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, खासकर जब पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार हो.
उन्होंने कहा, “जब आप ऐसी टीम के खिलाफ खेलते हैं, जिसके पास पूरी गहराई तक बल्लेबाजी है, तो मुश्किलें और बढ़ जाती हैं. भारत ने पहली गेंद से ही इरादे साफ कर दिए थे. ऐसा लगता है कि उनके हर बल्लेबाज को खुलकर खेलने का लाइसेंस मिला होता है.”
“200 या 210 रन अब सुरक्षित नहीं रहे”
सेंटनर ने यह भी स्वीकार किया कि टी20 क्रिकेट अब तेजी से बदल रहा है और पुराने स्कोर अब पर्याप्त नहीं माने जा सकते.
उन्होंने कहा, “हम अपनी तरफ से हर संभव कोशिश करते हैं, लेकिन सच यह है कि अब 200 या 210 रन भी सुरक्षित स्कोर नहीं रहे. भारत के खिलाफ मुकाबले में शायद हमें इससे कहीं ज्यादा मेहनत करनी होगी.”
भारत का ऐतिहासिक रन चेज
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन बनाए. लक्ष्य मजबूत माना जा रहा था, खासकर तब जब भारतीय पारी की शुरुआत में ही दो विकेट 10 रन से कम के स्कोर पर गिर गए थे.
इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज अपनाया और टीम इंडिया ने महज 15.2 ओवर में 209 रन बनाकर मैच जीत लिया. यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज माना जा रहा है, खासकर ऐसी स्थिति में जब शुरुआती झटके लगे हों.
ये भी पढ़ें- Border 2: सनी देओल का गजब क्रेज! ट्रैक्टर-जीप में भरकर 'बॉर्डर 2' देखने पहुंच रहे फैंस, वीडियो वायरल