गांव छोड़ने की दी धमकी, इनकार करने पर काट दी दलित युवक की उंगलियां, रामपुर में दबंगों का तांडव

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के जागीर गांव में जाति के नाम पर दरिंदगी की हद पार कर दी गई. दलित समाज के एक युवक पर दबंगों ने न सिर्फ जानलेवा हमला किया बल्कि उसकी उंगलियां काटकर उसे जिंदगी और मौत के बीच झूलने पर मजबूर कर दिया.

miscreants chopped off the fingers of a Dalit youth In Rampur
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Internet

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के जागीर गांव में जाति के नाम पर दरिंदगी की हद पार कर दी गई. दलित समाज के एक युवक पर दबंगों ने न सिर्फ जानलेवा हमला किया बल्कि उसकी उंगलियां काटकर उसे जिंदगी और मौत के बीच झूलने पर मजबूर कर दिया. घायल युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जबकि गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है.

धारदार हथियार से काटी उंगलियां

जागीर गांव निवासी सुरेंद्र दिवाकर के मुताबिक, शनिवार सुबह उनके चचेरे भाई विनोद पर गांव के ही राशिद खां, राजा और मानू ने उस समय हमला किया जब वह अकेला था. तीनों ने पहले विनोद को घेरकर पीटा, फिर जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद लोहे के पाटल और छुरी से उस पर हमला कर दिया, जिसमें विनोद के दोनों हाथों की कई उंगलियां कट गईं. खून से लथपथ विनोद दर्द से तड़पता रहा और आरोपी मौके से भाग निकले.

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

घटना की आवाज सुनकर जब परिजन और गांव के लोग दौड़े, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. गंभीर हालत में विनोद को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है. डॉक्टर्स के मुताबिक, विनोद की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

युवक को दी गांव छोड़ने की धमकी

सुरेंद्र दिवाकर ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार दलित समाज के परिवारों पर गांव छोड़ने का दबाव बना रहे हैं. हमले के दौरान भी उन्होंने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और दलित परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

थानाध्यक्ष निशा खटाना ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर राशिद खां, राजा और मानू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं. हालांकि पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे.

ये भी पढ़ें: संभल की 'गालीबाज' लड़कियों को हुई जेल, Instagram पर पोस्ट करती थीं अश्लील कंटेट