Mirzapur The Movie: ओटीटी की लोकप्रिय सीरीज 'मिर्जापुर' अब फिल्म के रूप में सिनेमाघरों में आने जा रही है. इसी वजह से फैंस के बीच 'मिर्जापुर द मूवी' को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म के टीजर रिलीज से पहले मेकर्स ने इसका नया पोस्टर जारी किया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
नए पोस्टर में दिखी मशहूर गद्दी
जारी किए गए पोस्टर में मिर्जापुर की चर्चित गद्दी नजर आ रही है. गद्दी के दोनों तरफ बंदूकें रखी हुई हैं, जो सीरीज की सत्ता की लड़ाई, दुश्मनी और एक्शन की याद दिलाती हैं. हालांकि पोस्टर में कहानी या किरदारों को लेकर कोई खास जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इससे साफ है कि मिर्जापुर की दुनिया एक बार फिर बड़े स्तर पर वापसी करने के लिए तैयार है.
कब रिलीज होगा टीजर?
मेकर्स ने पोस्टर के साथ फिल्म के टीजर की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है. 'मिर्जापुर द मूवी' का टीजर कल दोपहर 12 बजे रिलीज किया जाएगा. फैंस को पहली बार फिल्म की झलक देखने का मौका मिलेगा, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
'मिर्जापुर द मूवी' को 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है.
फिल्म में नजर आएंगे ये सितारे
फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. स्टार कास्ट में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास शामिल हैं.
क्यों खास है मिर्जापुर?
'मिर्जापुर' भारत की सबसे चर्चित क्राइम-थ्रिलर सीरीज में से एक रही है. इसकी कहानी सत्ता, राजनीति और अपराध की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है. सीरीज में दिखाए गए दमदार किरदार, जबरदस्त डायलॉग और कहानी के कई बड़े ट्विस्ट दर्शकों को काफी पसंद आए थे.
यही वजह है कि शुरुआत से ही इस सीरीज की बड़ी फैन फॉलोइंग रही है. अब फिल्म के रूप में मिर्जापुर की वापसी को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है और सभी की नजरें कल रिलीज होने वाले टीजर पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- अपनी अय्याशी के लिए... केतन के पिता ने सिया गोयल को लेकर किए कई खुलासे, जानें क्या कहा