अपनी अय्याशी के लिए... केतन के पिता ने सिया गोयल को लेकर किए कई खुलासे, जानें क्या कहा

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बीच केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कई अहम बातें साझा की हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सिया गोयल ने पहले ही उनके बेटे को मारने की योजना बना ली थी.

pune From the Bali trip to Lohagarh Fort Ketan father revealed several shocking secrets siya goyal
Image Source: Social Media

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बीच केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कई अहम बातें साझा की हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सिया गोयल ने पहले ही उनके बेटे को मारने की योजना बना ली थी. 

उनका कहना है कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी, तो वह साफ मना कर सकती थी. परिवार शादी रद्द कर देता, लेकिन बेटे की जान लेने की जरूरत नहीं थी. घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है. वहीं, केतन की मां ने भी सिया और उसके कथित प्रेमी के लिए मौत की सजा की मांग की है.

बाली ट्रिप पर जाने वाले थे दोनों

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि दोनों की सगाई फरवरी में हुई थी और सब कुछ सामान्य लग रहा था. उन्होंने कहा कि केतन और सिया ने विदेश घूमने का प्लान बनाया था. दोनों 6 जून को बाली जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले केतन का पासपोर्ट चोरी हो गया. विशाल अग्रवाल के मुताबिक, "एक ही बैग में बाकी सभी दस्तावेज थे, लेकिन सिर्फ केतन का पासपोर्ट गायब हो गया. उस समय यह बात हमारी समझ से बाहर थी."

बार-बार लोहागढ़ किला ले जा रही थी सिया

विशाल अग्रवाल का दावा है कि सिया कई बार केतन को लोहागढ़ किले पर लेकर गई थी. उन्होंने बताया कि 31 मई को दोनों वहां गए थे. इसके बाद 5 जून को भी वहां जाने की बात हुई थी, लेकिन किसी कारण से जाना नहीं हो पाया.

उनका आरोप है कि 14 जून को दोनों फिर किले पर पहुंचे थे. उस दौरान भी एक घटना हुई थी, लेकिन केतन बच गया था. विशाल अग्रवाल ने दावा किया कि बाद में सिया ने यह कहकर बात संभाल ली थी कि वहां सांप आ गया था, इसलिए धक्का लग गया.

जन्मदिन के बहाने किले पर बुलाया

केतन के पिता का आरोप है कि 18 जून को सिया ने जन्मदिन के बहाने केतन को फिर लोहागढ़ किले पर बुलाया. उन्होंने कहा कि वहीं पर चेतन चौधरी भी पहुंचा और दोनों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया. बाद में शोर मचाकर इसे हादसा बताने की कोशिश की गई.

"मेरा कोहिनूर छीन लिया"

विशाल अग्रवाल ने भावुक होते हुए कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो सीधे मना कर सकती थी. उन्होंने कहा, "मेरे बेटे को मारने की क्या जरूरत थी? उसने पूरी प्लानिंग के साथ मेरे बच्चे को मारा." उन्होंने आगे कहा कि उनका बेटा बेहद होनहार था और परिवार के कारोबार को आगे बढ़ा रहा था.

विशाल अग्रवाल ने कहा, "सिया ने अपनी अय्याशी के लिए मेरे कोहिनूर जैसे बेटे को छीन लिया. मेरा पूरा परिवार उजड़ गया. जो बेटा बुढ़ापे में मेरा सहारा बनने वाला था, आज वही मुझसे छिन गया."

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

केतन के पिता ने मांग की है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो. उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अदालत से अपील करते हुए कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उनका कहना है कि अगर मामला लंबा चला तो आरोपी जमानत पर बाहर आ सकते हैं. इसलिए जल्द न्याय मिलना जरूरी है.

"सिया को ड्रिंक की आदत थी" - केतन की मां

केतन की मां राखी अग्रवाल ने कहा कि सगाई के बाद वह सिया को अपनी बहू मानने लगी थीं. उन्होंने बताया कि सिया कई बार उनके घर भी आई थी और परिवार को कभी नहीं लगा कि वह इतनी बड़ी साजिश रच रही है.

राखी अग्रवाल ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि सिया ड्रिंक करती है. इस पर परिवार ने उसे साफ बता दिया था कि उनके घर में शराब पीने की अनुमति नहीं है. उनके अनुसार, सिया ने उस समय उनकी बात मान ली थी. उन्होंने भी सिया और उसके कथित प्रेमी के लिए मौत की सजा की मांग की है.

18 जून को हुई थी घटना

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई फरवरी में हुई थी. दोनों की शादी नवंबर में तय थी. 18 जून को दोनों लोहागढ़ किले पर गए थे, जहां खाई में गिरने से केतन की मौत हो गई. शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाया गया. 

इसके बाद पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है. हालांकि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है.

पूरे देश में चर्चा का विषय बना मामला

केतन अग्रवाल केस ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है. जांच में सामने आ रहे दावों और खुलासों के बाद लोग इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच और अदालत की आगे की कार्रवाई पर है.

ये भी पढ़ें- US-ईरान समझौते का असर, होर्मुज से गुजरे 11 भारत आने वाले जहाज, इतने आने को तैयार