क्राइम थ्रिलर ‘मिर्जापुर द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. 4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म ने वीकडेज में भी रफ्तार बरकरार रखी है और बॉक्स ऑफिस पर पहले से मजबूत प्रदर्शन कर रही ‘हनुमान अंश’ को कड़ी टक्कर देती नजर आ रही है. फिल्म ने चौथे दिन करीब 16 करोड़ रुपये कमाए थे और पांचवें दिन भी शुरुआती आंकड़ों ने मेकर्स को राहत दी है.
पांचवें दिन भी कमाई ने चौंकाया
सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड के मुताबिक, मंगलवार यानी पांचवें दिन ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने करीब 8 हजार शोज के जरिए घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 8.46 करोड़ रुपये का कारोबार किया. हालांकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और अंतिम कलेक्शन में बदलाव हो सकता है. फिल्म की अब तक की कमाई को देखते हुए इसकी बॉक्स ऑफिस रफ्तार को मजबूत माना जा रहा है. पांच दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन करीब 118.21 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 143 करोड़ रुपये के पार बताया जा रहा है.
90 करोड़ के बजट से निकली आगे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ को करीब 90 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है. फिल्म ने महज पांच दिनों में ही इस आंकड़े को पार कर लिया है, जिससे यह इस साल की सफल फिल्मों में अपनी जगह बनाती दिख रही है. रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 25.75 करोड़, दूसरे दिन 32 करोड़, तीसरे दिन 36 करोड़ और चौथे दिन 16 करोड़ रुपये कमाए. पांचवें दिन के शुरुआती 8.46 करोड़ रुपये जोड़ने के बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कुल नेट कमाई करीब 118.21 करोड़ रुपये हो गई है.
150 करोड़ ग्रॉस क्लब पर नजर
‘मिर्जापुर द मूवी’ की कमाई की रफ्तार को देखते हुए इसके जल्द 150 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार करने की उम्मीद जताई जा रही है. वीकडेज में भी फिल्म को मिल रहा दर्शकों का रिस्पॉन्स इसके लिए सकारात्मक संकेत है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ कितनी मजबूत रख पाती है और क्या यह कमाई के नए रिकॉर्ड बनाने में कामयाब होती है.