‘मिर्जापुर द मूवी’ की स्टार कास्ट पर हुई पैसों की बारिश, कालीन भैया की फीस ने उड़ाए होश!

Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर’ की दुनिया ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है और अब यही कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है.

mirzapur-movie-star-cast-fees-release-date-budget-details
Image Source: Social Media

Mirzapur The Movie: ‘मिर्जापुर’ की दुनिया ने ओटीटी पर अपनी अलग पहचान बनाई है और अब यही कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है. ‘मिर्जापुर द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी जैसे चर्चित किरदार फिर से नजर आ रहे हैं. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु शर्मा, जितेंद्र कुमार और श्वेता त्रिपाठी समेत कई बड़े कलाकार दिखाई देंगे. फिल्म को लेकर चर्चा सिर्फ कहानी और किरदारों की नहीं, बल्कि सितारों की कथित फीस को लेकर भी हो रही है.

कालीन भैया ने फीस में सबको छोड़ा पीछे

फिल्म में कालीन भैया का किरदार निभाने वाले पंकज त्रिपाठी सबसे ज्यादा फीस पाने वाले अभिनेता बताए जा रहे हैं. न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, पंकज त्रिपाठी ने इस फिल्म के लिए करीब 15 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. अगर इन रिपोर्ट्स को सही माना जाए तो उनकी फीस गुड्डू भैया यानी अली फजल से कई गुना ज्यादा है. कालीन भैया के किरदार में पंकज त्रिपाठी की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें फिल्म का सबसे महंगा स्टार बताया जा रहा है.

गुड्डू पंडित के लिए अली फजल की फीस

‘मिर्जापुर’ की कहानी में गुड्डू पंडित का किरदार सबसे अहम रहा है और अली फजल ने इसे अपनी एक्टिंग से खास पहचान दी है. फिल्म में भी अली फजल इसी भूमिका में वापसी कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अली फजल को ‘मिर्जापुर द मूवी’ के लिए करीब 4 करोड़ रुपये फीस मिली है. सीरीज में कालीन भैया से टकराने वाला गुड्डू अब फिल्म में भी अपने अंदाज और तेवर के साथ नजर आने वाला है.

मुन्ना त्रिपाठी फिर लौटे, दिव्येंदु ने ली इतनी फीस

दिव्येंदु शर्मा का मुन्ना त्रिपाठी वाला किरदार ‘मिर्जापुर’ के सबसे चर्चित किरदारों में शामिल रहा है. उनकी वापसी ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, दिव्येंदु शर्मा ने फिल्म के लिए करीब 3 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं. ट्रेलर में उनकी मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि फिल्म में मुन्ना की वापसी कहानी को एक बार फिर हिंसा, बदले और सत्ता की उसी दुनिया में ले जाने वाली है, जिसके लिए यह फ्रेंचाइजी जानी जाती है.

जितेंद्र कुमार और श्वेता त्रिपाठी की फीस भी चर्चा में

‘पंचायत’ के जितेंद्र कुमार भी अब ‘मिर्जापुर’ की दुनिया का हिस्सा बन गए हैं. फिल्म में वह बबलू पंडित का किरदार निभा रहे हैं, जिसे सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जितेंद्र कुमार को फिल्म के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये फीस मिली है. वहीं श्वेता त्रिपाठी गोलू गुप्ता के किरदार में दिखाई देंगी और उनके लिए करीब 9 लाख रुपये फीस की बात सामने आई है. हालांकि, दोनों कलाकारों की फीस को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

250 करोड़ के बजट में बनी फिल्म

फिल्म में रवि किशन और रसिका दुग्गल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे, लेकिन उनकी फीस की जानकारी अभी सामने नहीं आई है. न्यूज18 की रिपोर्ट में फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये बताया गया है. हालांकि, बजट और कलाकारों की फीस से जुड़ी इन सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को Amazon MGM Studios और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि पुनीत कृष्णा ने इसकी कहानी लिखी है.

ट्रेलर में फिर दिखा खून, सत्ता और बदले का खेल

‘मिर्जापुर द मूवी’ का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है. ट्रेलर की शुरुआत पंकज त्रिपाठी के कालीन भैया से होती है और इसके बाद कहानी के दूसरे प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई जाती है. रवि किशन भी इस बार काफी खतरनाक अंदाज में नजर आ रहे हैं. ट्रेलर में भरपूर एक्शन, हिंसा और बदले की कहानी की झलक मिलती है, जिससे संकेत मिलता है कि फिल्म सीरीज के पुराने तेवर को बड़े पर्दे पर और ज्यादा भव्य अंदाज में पेश करने वाली है.

2018 में शुरू हुआ था ‘मिर्जापुर’ का सफर

‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी का सफर 2018 में शुरू हुआ था और पहले ही सीजन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली थी. इसके बाद 2020 में दूसरा सीजन आया, जिसमें 10 एपिसोड थे. तीसरा सीजन 5 जुलाई 2024 को रिलीज किया गया. तीनों सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा के किरदारों को खूब पसंद किया गया. अब कहानी फिल्म के रूप में सिनेमाघरों तक पहुंचने जा रही है. ऐसे में देखना होगा कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर अपने ओटीटी वाले भौकाल को दोहरा पाती है या नहीं.

ये भी पढ़ें: Mirzapur: The Movie का धांसू ट्रेलर रिलीज, बड़े पर्दे पर दिखेगा कालीन भैया का जलवा!