मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध का असर अब दुनिया भर के बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद अब रोजमर्रा की कई चीजें महंगी होने की आशंका जताई जा रही है. इस बीच भारत की बड़ी कंडोम निर्माता कंपनी मैनकाइंड फार्मा ने भी संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में उसके उत्पादों की कीमतें बढ़ सकती हैं. कंपनी ‘मैनफोर्स’ ब्रांड नाम से कंडोम बेचती है और भारतीय बाजार में उसकी मजबूत हिस्सेदारी मानी जाती है.
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें बनी वजह
खाड़ी देशों में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखा गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी हैं. इसका सीधा असर उन उद्योगों पर पड़ रहा है, जहां पेट्रोलियम आधारित कच्चे माल का इस्तेमाल होता है.
हालांकि कंडोम बनाने में प्राकृतिक लेटेक्स मुख्य सामग्री होती है, लेकिन इसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई केमिकल, लुब्रिकेंट और पैकेजिंग सामग्री पेट्रोलियम से जुड़ी होती हैं. ऐसे में तेल महंगा होने से उत्पादन लागत भी तेजी से बढ़ रही है.
कंपनी ने क्या कहा?
मैनकाइंड फार्मा के सीईओ शीतल अरोड़ा ने कहा कि फिलहाल कंपनी के पास कुछ महीनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जिससे तत्काल सप्लाई पर असर नहीं पड़ेगा. लेकिन अगर अंतरराष्ट्रीय हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे और तेल की कीमतें ऊंची रहीं, तो कंपनी को कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार करना पड़ सकता है.
हालांकि अभी तक कीमतें बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक समय-सीमा तय नहीं की गई है.
100 से 150 रुपये में आता है पैकेट
फिलहाल बाजार में 10 मैनफोर्स कंडोम का पैकेट करीब 100 से 150 रुपये तक में उपलब्ध है. कंपनी का कहना है कि अब तक कच्चे माल की लागत में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ था, लेकिन मौजूदा हालात आगे चुनौती बढ़ा सकते हैं.
यह असर केवल भारतीय कंपनियों तक सीमित नहीं है. दुनिया की बड़ी कंडोम निर्माता कंपनियों में शामिल मलेशिया की ‘केरेक्स’ कंपनी भी अपने उत्पादों की कीमतों में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है. ऐसे में आने वाले समय में ग्लोबल मार्केट में कंडोम और अन्य पेट्रोलियम आधारित उत्पाद महंगे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Weather: ये तो बस ट्रेलर है, असली गर्मी तो बाकी है... धरती बनेगी धधकती भट्टी! मंडरा रहा अकाल का खतरा