मिडिल ईस्ट में होने वाला है कुछ बड़ा? नेतन्याहू ने अबू धाबी में UAE के राष्ट्रपति से की सीक्रेट मुलाकात, जानें इसके मायने

Israel-UAE Relations: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की.

Middle East Netanyahu held a secret meeting with the UAE President in Abu Dhabi
Image Source: Social Media

Israel-UAE Relations: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की.

इस बैठक को लेकर अभी तक इजराइल या UAE की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. खास बात यह है कि दोनों नेताओं की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमास के हमले को लेकर इजराइल में एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं.

हमास के हमले को लेकर फिर उठे सवाल

इजराइली अखबार 'हारेट्ज़' ने हाल में एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी. रिपोर्ट में दावा किया गया कि 7 अक्टूबर के हमले से करीब 10 दिन पहले UAE के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को एक बड़े हमले की चेतावनी दी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, यह जानकारी बाद में इजराइल की सुरक्षा एजेंसियों तक नहीं पहुंची. हालांकि, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इस रिपोर्ट को गलत बताया है. उन्होंने अखबार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही है.

आने वाले चुनावों को देखते हुए यह मामला इजराइल की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है. विपक्ष इस मुद्दे को लेकर नेतन्याहू सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का आरोप लगा रहा है. UAE ने हारेट्ज़ की इस रिपोर्ट पर सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. हालांकि, UAE पहले यह कह चुका है कि 2020 में इजराइल के साथ राजनयिक संबंध बनने के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत के रास्ते खुले हुए हैं.

पहले भी गुप्त मुलाकात की आई थी खबर

नेतन्याहू और शेख मोहम्मद बिन जायद के बीच गुप्त मुलाकात की खबर पहली बार नहीं आई है. इसी साल की शुरुआत में UAE ने दोनों नेताओं के बीच किसी मुलाकात से इनकार किया था. इसके बाद मई में इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया था कि नेतन्याहू ने UAE का एक गुप्त दौरा किया था. इस मुलाकात की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, दोनों नेताओं की बैठक 26 मार्च को अबू धाबी के पास अल-ऐन शहर में हुई थी. यह इलाका ओमान की सीमा के करीब है.

2020 में बने थे इजराइल-UAE के राजनयिक रिश्ते

इजराइल और UAE के रिश्तों में साल 2020 में बड़ा बदलाव आया था. उस समय अब्राहम समझौते के तहत UAE इजराइल के साथ आधिकारिक राजनयिक संबंध बनाने वाला पहला अरब देश बना था. अब मिडिल ईस्ट में ईरान के साथ बढ़ते तनाव और क्षेत्र में जारी संघर्ष के बीच UAE अमेरिका और इजराइल दोनों के साथ अपने सुरक्षा और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. ऐसे समय में नेतन्याहू और UAE राष्ट्रपति की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है. हालांकि, बैठक में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें- विराट कोहली vs सचिन तेंदुलकर... 15000 रन तक कौन ज्यादा दमदार? आंकड़ों से समझिए कौन ज्यादा बेहतर