Michael Box Office: दुनिया के सबसे बड़े पॉप स्टार माइकल जैक्सन की जिंदगी पर आधारित फिल्म ‘माइकल’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. फिल्म ने पहले ही दिन 82 मिलियन डॉलर की कमाई कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है, जिससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि ओपनिंग वीकेंड के अंत तक यह 200 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर सकती है. यह आंकड़ा इस साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म के रूप में उभर सकता है, और बायोपिक फिल्म की श्रेणी में भी इसे अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग माना जा रहा है.
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन की धाकड़ कमाई
बॉक्स ऑफिस मोजो की रिपोर्ट के अनुसार, ‘माइकल’ ने पहले दिन नॉर्थ अमेरिका में 39 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो कि किसी भी बायोपिक फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है. इसने 'ओपेनहाइमर' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया, जिसने पहले दिन 33 मिलियन डॉलर की कमाई की थी. फिल्म की ग्लोबल कमाई भी शानदार रही, ओवरसीज मार्केट में इसने 30 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया और गुरुवार को पेड प्रिव्यूज से 13 मिलियन डॉलर की कमाई की.
ओपेनहाइमर और बोहेमियन रैप्सोडी को पछाड़ा
ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर ‘माइकल’ ने अपनी बायोपिक फिल्मों में नया रिकॉर्ड बनाया है. यह अब तक की सबसे बड़ी बायोपिक फिल्म की ओपनिंग है, जिसने 'ओपेनहाइमर' और 'बोहेमियन रैप्सोडी' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. दोनों इन फिल्मों ने ओपनिंग वीकेंड में 80 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया था, लेकिन ‘माइकल’ ने पहले दिन ही इस आंकड़े को पार कर लिया.
ओपनिंग वीकेंड में बेतहाशा कमाई की उम्मीद
डेडलाइन के अनुसार, ‘माइकल’ फिल्म को अपने ओपनिंग वीकेंड में नॉर्थ अमेरिका बॉक्स ऑफिस पर 90-95 मिलियन डॉलर की कमाई की उम्मीद है. अगर यह सच होता है, तो फिल्म ‘ओपेनहाइमर’ और ‘स्ट्रेट आटा कॉम्पटन’ जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर लेगी. ओपेनहाइमर ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 82 मिलियन डॉलर की कमाई की थी, वहीं 'स्ट्रेट आटा कॉम्पटन' ने 61 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था.
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्ड
यूनिवर्सल की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म 82 देशों में रिलीज़ हुई है और इसका वीकेंड कलेक्शन 111 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है. अगर ऐसा हुआ, तो फिल्म ओपनिंग वीकेंड में वर्ल्डवाइड 200 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लेगी. इस तरह से फिल्म इस साल की टॉप 10 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों में अपनी जगह बना सकती है.
भारत में भी मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया
फिल्म को भारत में भी दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है. पेड प्रिव्यूज में 1.70 करोड़, पहले दिन 3.80 करोड़, दूसरे दिन 5.10 करोड़ और तीसरे दिन 5.50 करोड़ की कमाई फिल्म ने की है. ये आंकड़े दिखाते हैं कि भारतीय दर्शक भी इस फिल्म का भरपूर स्वागत कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: Bhooth Bangla Collection: बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा रही 'भूत बंगला', 10वें भी हुई छप्परफाड़ कमाई