Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मछेरान इलाके में 15 अगस्त की रात एक बेटी का जन्मदिन खुशी से मातम में बदल गया. जन्मदिन की पार्टी के दौरान पड़ोसी के साथ हुए विवाद ने 45 वर्षीय अब्दुल की जान ले ली. अब्दुल रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे.
जन्मदिन की रात हुआ विवाद
दरअसल, अब्दुल ने अपनी बेटी का 14वां जन्मदिन मनाने के लिए घर पर एक छोटी सी पार्टी रखी थी. इसके लिए उन्होंने किराए पर डीजे सिस्टम मंगवाया और रात 11 बजे जन्मदिन के गाने बजा रहे थे. इसी बीच उनका पड़ोसी अय्यूब (40) भी अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था. दोनों ही जगह डीजे चल रहा था, लेकिन जब अब्दुल ने आवाज तेज कर दी तो अय्यूब को यह बात नागवार गुज़री.
कहासुनी से मारपीट तक
डीजे की आवाज कम करने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अय्यूब अपने दोस्तों के साथ लाठी-डंडे और रॉड लेकर अब्दुल के घर जा पहुंचा. थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी. इस दौरान अय्यूब ने अब्दुल के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से अब्दुल लहूलुहान होकर गिर पड़े. परिजन तुरंत अब्दुल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खुशी का माहौल मातम में बदल गया और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
आरोपी फरार, दो लोग पुलिस हिरासत में
वारदात के बाद अय्यूब और उसके साथी पास ही एक कच्चे मकान में छिप गए. लेकिन जैसे ही उन्हें अब्दुल की मौत की खबर मिली, वे पीछे के रास्ते से फरार हो गए. भागते समय अय्यूब का एक दोस्त स्थानीय लोगों के हाथ लग गया. गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उसे बचाया. पुलिस ने इस आरोपी समेत एक और व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है.
जांच में जुटी पुलिस
मुख्य आरोपी अय्यूब फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मृतक पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Baghpat: यमुना नदी में फटी गैस पाइपलाइन, 35 फीट तक उछला पानी, मची अफरा-तफरी