PM Modi Barpeta Rally: असम के बरपेटा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की हार का रिकॉर्ड बनेगा, और असम में बीजेपी-एनडीए की जीत की हैट्रिक लगेगी. रैली में पीएम मोदी ने कहा कि असम की जनता इस बार दो बड़े फैसले लेने जा रही है. एक तो बीजेपी-एनडीए की असम में तीसरी बार जीत होगी और दूसरा, कांग्रेस के शाही परिवार की हार का रिकॉर्ड असम के लोग ही बनाएंगे.
उन्होंने कहा, "बीजेपी के लोग 'नेशन फर्स्ट' के सिद्धांत पर काम करते हैं और हमारा उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत बनाना है." पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना काम दिखाने नहीं जाती, जबकि बीजेपी ने हमेशा साफ नीयत से जनता को बताया है कि सरकार ने उनके लिए क्या किया है.
असम को ऊंचाई पर ले जाएगी बीजेपी
पीएम मोदी ने असम के लोगों से कहा, "आपका वोट असम को और भी विकसित बनाने के लिए एक मजबूत नींव रखेगा. बीजेपी असम को उस ऊंचाई पर लेकर जा रही है, जिसके असम के लोग हकदार हैं."
कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस का कभी भी दूरदर्शी विजन नहीं रहा. उनका ध्यान शॉर्ट-टर्म फायदे और भ्रष्टाचार पर था. जबकि हम असम और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम कर रहे हैं. पिछले दशक में असम को अस्थिरता और डर से बाहर निकाला गया, और अब अगला दशक असम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करेगा."
Live: PM Shri @narendramodi addresses public meeting in Barpeta, Assam. https://t.co/Ailfy2SJVL
— BJP (@BJP4India) April 6, 2026
किसानों के लिए बीजेपी की योजनाएं
किसानों को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "2014 से पहले कांग्रेस के शासन में धान किसानों को एमएसपी के रूप में सिर्फ 4 लाख करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन 2014 के बाद हमारी सरकार ने धान किसानों को 16 लाख करोड़ रुपये दिए हैं. साफ है कि कांग्रेस कभी किसानों का भला नहीं कर सकती. 2013 में कांग्रेस सरकार में धान का एमएसपी सिर्फ 1,300 रुपये प्रति क्विंटल था, अब हमारी सरकार ने इसे 2,370 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, और असम सरकार अपनी तरफ से इसे और बढ़ाती है."
महिला आरक्षण पर पीएम मोदी का बयान
महिला आरक्षण पर पीएम मोदी ने कहा, "विकसित भारत बनाने के लिए महिला सांसदों की भूमिका संसद में होनी चाहिए, इसीलिए हमारी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है, जिसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय किया गया है." उन्होंने बताया कि देश की बहनें 40 साल से इस अधिकार का इंतजार कर रही थीं.
उन्होंने यह भी कहा, "हम चाहते हैं कि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को यह अधिकार मिले. इसके लिए कानून में संशोधन करना जरूरी है, और 16 अप्रैल से इस संबंध में संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है. हम सभी पार्टियों से इस पर चर्चा करेंगे और सभी से आग्रह करेंगे कि इस महत्वपूर्ण काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं." प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी रैली में असम के लोगों से बीजेपी को वोट देने की अपील की और राज्य के विकास के लिए पार्टी के विजन को साझा किया.
ये भी पढ़ें- अब आसमान से होगा सटीक हमला, भारतीय वायुसेना खरीदेगी 400 स्वदेशी अस्त्र मिसाइलें, जानें इसकी ताकत