अपनी किडनी देने के लिए तैयार... संत प्रेमानंद महाराज से मिलकर भावुक हुए मनिंदरजीत सिंह बिट्टा

वृंदावन पहुंचे एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के दौरान भावुक होकर अपनी किडनी दान करने की पेशकश की.

maninderjit singh bitta met premanand maharaj kidney donation offer
Image Source: Social Media

मथुरा: वृंदावन पहुंचे एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात के दौरान भावुक होकर अपनी किडनी दान करने की पेशकश की. इस मुलाकात में बिट्टा ने कहा कि उन्होंने अपनी किडनी “मंदिर की तरह संभालकर रखी है” और यदि महाराज चाहें तो वह खुशी-खुशी उन्हें अपनी किडनी देने के लिए तैयार हैं. 

मुलाकात के दौरान प्रेमानंद महाराज ने मुस्कुराते हुए उनकी भावना की सराहना की और कहा कि वे वर्षों से डायलिसिस पर हैं, लेकिन ईश्वर की कृपा से सेवा कार्य कर पा रहे हैं. महाराज ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी अन्य व्यक्ति के शरीर का रक्त या अंग स्वीकार नहीं करेंगे. 

बिट्टा ने इस दौरान अपने जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उन पर कई बार हमले हुए और कई जवान शहीद हुए, लेकिन ईश्वर की कृपा से वह आज भी जीवित हैं. उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने और राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक फैसलों को देखना उनके लिए सौभाग्य की बात है. 

कौन हैं मनिंदरजीत सिंह बिट्टा?

मनिंदरजीत सिंह बिट्टा एंटी टेररिस्ट फ्रंट इंडिया के अध्यक्ष हैं और लंबे समय से आतंकवाद विरोधी अभियानों में सक्रिय रहे हैं. वह पूर्व में कांग्रेस नेता भी रह चुके हैं. उन पर कई आतंकी हमले हो चुके हैं, जिनमें वह बाल-बाल बचे.

ये भी पढ़ें: 6 दिन, पांच देश... PM मोदी का मेगा विदेशी दौरा, सबसे पहले जा रहे UAE; किन क्षेत्रों पर रहेगा फोकस?