Online Romance Scam: आजकल के डिजिटल दौर में साइबर अपराधों का एक नया रूप सामने आ रहा है, जिसे 'ऑनलाइन रोमांस स्कैम' कहा जाता है. यह स्कैम खासतौर पर WhatsApp जैसी लोकप्रिय ऐप्स के जरिए तेजी से फैल रहा है. हाल ही में बेंगलुरु में एक 63 वर्षीय व्यक्ति को ऑनलाइन डेटिंग के नाम पर ₹32 लाख का चूना लगा. इस घटना ने लोगों को आगाह किया है कि वर्चुअल दुनिया में प्यार की तलाश भी धोखाधड़ी का कारण बन सकती है.
कैसे हुई धोखाधड़ी?
बेंगलुरु के इस पीड़ित व्यक्ति को WhatsApp पर एक अनजान व्यक्ति ने संपर्क किया, जिसने खुद को एक हाई-सोसाइटी डेटिंग सर्विस का प्रतिनिधि बताया. इस व्यक्ति ने दावा किया कि वह अमीर और हाई-प्रोफाइल महिलाओं से मिलवाने का काम करता है. शुरुआत में पीड़ित से ₹1,950 का रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया गया. इसके बाद उसे तीन महिलाओं की तस्वीरें भेजी गईं और कहा गया कि वह किसी एक को चुन सकते हैं. पीड़ित ने ऋतिका नाम की महिला को चुना और दोनों के बीच WhatsApp पर बातचीत शुरू हो गई.
बातचीत के दौरान महिला ने उसे मिलने का प्रस्ताव रखा और धीरे-धीरे धोखाधड़ी का जाल फैलता गया. कोऑर्डिनेटर ने लगातार पैसे मांगे, कभी मेंबरशिप अपग्रेड करने के नाम पर, तो कभी कानूनी दस्तावेज़ और यात्रा खर्चों के नाम पर. इस तरह कुछ ही हफ्तों में पीड़ित ने ₹32.2 लाख ट्रांसफर कर दिए. लेकिन जब ठगों ने और पैसे देने की मांग की और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी, तब पीड़ित को समझ में आया कि वह एक बड़ा धोखा का शिकार हो चुका है. इसके बाद उसने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
भारत में बढ़ती ऑनलाइन रोमांस स्कैम की घटनाएं
यह सिर्फ एक अकेला मामला नहीं है. पिछले कुछ समय से भारत में WhatsApp, Instagram, और डेटिंग ऐप्स के माध्यम से ऐसे ऑनलाइन रोमांस स्कैम की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं. ठग पहले भावनात्मक रिश्ते बनाते हैं, भरोसा जीतते हैं और फिर किसी बहाने पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं. साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार के स्कैम के शिकार होने वाले अधिकतर लोग शर्म या डर के कारण पुलिस में शिकायत नहीं करते. यह अपराधियों के हौसले को और बढ़ा देता है, और वे आगे और लोगों को अपना शिकार बना लेते हैं.
कैसे सुरक्षित रहें?
ऑनलाइन रोमांस स्कैम से बचने के लिए कुछ अहम सावधानियां बरतनी चाहिए. सबसे पहले, अनजान नंबरों या प्रोफाइल्स से आने वाले संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें. कभी भी किसी ऐसे व्यक्ति को पैसे न भेजें जिसे आप व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते या उससे मिले नहीं हैं.
इसके अलावा, अपनी पर्सनल और फाइनेंशियल जानकारी, जैसे कि OTP या फोटो, किसी के साथ साझा न करें. किसी की पहचान की पुष्टि करने के लिए वीडियो कॉल या विश्वसनीय प्लेटफार्मों का इस्तेमाल करें. अगर आपको किसी संदिग्ध गतिविधि का सामना होता है, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन (cybercrime.gov.in) या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करें.
ये भी पढ़ें: क्या है प्रॉप ट्रेडिंग स्कैम? सूरत से शुरू हुआ ठगी का जाल, अब तक ₹150 करोड़ डूबे, समझ लें पूरा खेल