Iran Power Plant Attack: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब दूसरे देशों पर भी असर डालता दिख रहा है. कुवैत ने दावा किया है कि ईरान की ओर से उसके एक अहम पानी और बिजली प्लांट पर हमला किया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में प्लांट को काफी नुकसान पहुंचा है. कुवैत सरकार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इससे आग लग गई और बिजली उत्पादन करने वाली कई यूनिट प्रभावित हुई हैं.
पीने के पानी की सप्लाई पर बढ़ी चिंता
कुवैत में पीने के पानी का बड़ा हिस्सा समुद्र के खारे पानी को साफ करके तैयार किया जाता है. देश की करीब 90 प्रतिशत पानी की जरूरत ऐसे ही डिसैलिनेशन प्लांट से पूरी होती है. सरकार का कहना है कि अगर इस तरह के प्लांट प्रभावित होते हैं तो देश में पानी की सप्लाई पर असर पड़ सकता है और लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
आग पर पाया गया काबू
कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, हमले के बाद लगी आग पर काबू पा लिया गया है. फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्लांट को दोबारा चालू करने की कोशिश जारी है.
ईरान पर अमेरिका के हमले भी तेज
इस बीच अमेरिका ने भी ईरान पर अपने हमले तेज कर दिए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने तेहरान के आसपास कई अहम ठिकानों, पुलों और अन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया है. बताया जा रहा है कि ईरान के एक प्रमुख बंदरगाह पर बने एक टावर को भी नुकसान पहुंचा है. दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं.
ये भी पढ़ेंं- Hydrogen Train: जींद से दौड़ी भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जानिए कहां-कहां रुकेगी और कितना होगा किराया