दुश्मन के घर में घुसकर मोसाद का बड़ा ऑपरेशन, जानें गाजा से कैसे इजरायली कमांडो ने हमास के टॉप कमांडर को दबोचा

Israel Gaza War: उत्तरी गाजा में हमास को बड़ा झटका लगा है. इजरायली सेना ने मंगलवार को हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख मुईन अल-अराबिद को गिरफ्तार करने का दावा किया है. उसे गाजा सिटी में उसके घर के पास दिन के समय चलाए गए एक खास अभियान के दौरान पकड़ा गया.

Major blow to Hamas in northern Gaza internal security chief Muin al-Arabid arrested
Image Source: Social Media

Israel Gaza War: उत्तरी गाजा में हमास को बड़ा झटका लगा है. इजरायली सेना ने मंगलवार को हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख मुईन अल-अराबिद को गिरफ्तार करने का दावा किया है. उसे गाजा सिटी में उसके घर के पास दिन के समय चलाए गए एक खास अभियान के दौरान पकड़ा गया.

इजरायल की सेना के मुताबिक, मुईन अल-अराबिद उत्तरी गाजा में हमास का नियंत्रण फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. साथ ही, वह ‘येलो लाइन’ के पास तैनात इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमलों की तैयारी में भी मदद कर रहा था.

इजरायली सेना ने कहा कि यह अभियान उत्तरी गाजा में हमास से पैदा हो रहे खतरों को खत्म करने के लिए चलाया गया था. कार्रवाई के दौरान इलाके में हमास के कई ठिकानों पर भी हमला किया गया.

हमास में अहम जिम्मेदारी संभालता था मुईन

इजरायल के अनुसार, मुईन अल-अराबिद हमास के बड़े नेताओं में शामिल था. वह संगठन की आंतरिक सुरक्षा और जासूसी रोकने से जुड़े काम देखता था. इसके अलावा उसके पास खुफिया जानकारी से जुड़े कई कामों की जिम्मेदारी भी थी.

इजरायल का दावा है कि हाल के दिनों में वह उत्तरी गाजा में हमास का प्रशासन और नियंत्रण दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. इसके साथ ही वह इजरायली सैनिकों के खिलाफ हमलों को आगे बढ़ाने में भी जुटा था.

नेतन्याहू ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मुईन अल-अराबिद की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने इस अभियान के लिए शिन बेट और इजरायली सेना की तारीफ की. नेतन्याहू ने कहा कि यह हमास का एक बड़ा नेता है और उसने 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद इजरायली बंधकों को छिपाने और उन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में भूमिका निभाई थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि मुईन अल-अराबिद हमास के बड़े नेताओं को छिपाने, संगठन की सैन्य ताकत बढ़ाने और उसकी क्षमताओं को फिर से मजबूत करने की कोशिश में शामिल था.

हमास के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का दावा

नेतन्याहू के मुताबिक, मुईन अल-अराबिद गाजा में हमास का नियंत्रण दोबारा स्थापित करने की कोशिश कर रहा था. साथ ही, वह इजरायली सैनिकों और आम लोगों के खिलाफ हमलों में भी मदद कर रहा था.

नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल हमास के नेताओं की तलाश जारी रखेगा. उन्होंने साफ किया कि 7 अक्टूबर के हमले में शामिल लोगों और हमास के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब इजरायली सेना उत्तरी गाजा में हमास के सैन्य और प्रशासनिक ढांचे को दोबारा मजबूत होने से रोकने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर रही है.

ये भी पढ़ें- नेपाल की मदद के लिए भारत ने भेजा स्पेशल प्लेन, राहत सामग्री के साथ खास रेस्क्यू टीम भी हुई रवाना