Delhi NCR Gang Raids: दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में कुख्यात आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने देर रात बड़ा अभियान चलाया. बाहरी उत्तरी जिला पुलिस की अगुवाई में 820 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने 58 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की, जिसमें भारी मात्रा में नकदी, हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) रवींद्र सिंह यादव ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि छापेमारी का उद्देश्य लगातार बढ़ रहे गैंगस्टर नेटवर्क को तोड़ना और गिरोहों की फंडिंग व गतिविधियों पर लगाम लगाना था.
टिल्लू, नीरज बवाना, गोगी और काला जठेड़ी गैंग निशाने पर
अभियान के तहत पुलिस ने राजधानी के कुख्यात गैंगस्टरों टिल्लू ताजपुरिया गिरोह, नीरज बवाना-राजेश बवाना गिरोह, जितेंद्र उर्फ गोगी गिरोह और काला जठेड़ी गिरोह के कई ठिकानों को निशाना बनाया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान अवैध हथियारों, कारतूस, मोबाइल फोन, फर्जी दस्तावेज और बैंकिंग विवरण भी बरामद किए गए हैं.
पूरी रात चला ऑपरेशन, 40 से अधिक टीमें मैदान में उतरीं
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस की करीब 40 टीमों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर रातभर छापेमारी की, जिनमें दिल्ली के अलावा हरियाणा के सीमावर्ती जिले भी शामिल थे. कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और कुछ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
कपिल सांगवान और विक्की टक्कर गैंग पर भी शिकंजा
इस ऑपरेशन से ठीक चार दिन पहले, द्वारका थाना पुलिस ने दिल्ली और हरियाणा में 25 स्थानों पर छापेमारी कर कपिल सांगवान उर्फ नंदू और विक्की टक्कर गैंग के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की थी. उस कार्रवाई में पुलिस ने 26 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें से 6 को गिरफ्तार किया जा चुका है.
पुलिस की सख्ती से गैंगवार पर लग सकती है लगाम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ वर्षों में गैंगवार और सुपारी किलिंग की घटनाएं बढ़ी हैं. गैंगस्टर टिल्लू-गोगी गैंग की पुरानी रंजिश ने कई बार अदालत परिसर तक को अपराध का अड्डा बना दिया. पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई को आपराधिक नेटवर्क की रीढ़ तोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
पुलिस कमिश्नरेट की रणनीति
विशेष आयुक्त रवींद्र सिंह यादव के अनुसार, "इन गैंगस्टरों का नेटवर्क सोशल मीडिया, हवाला, जमीन माफिया और लोकल अपराधियों से जुड़ा है. हमारी कोशिश है कि पूरे सिस्टम को एक बार में ध्वस्त किया जाए."
यह भी पढ़ें- 'कोई रिश्ता नहीं...', अमेरिकी राष्ट्रपति से क्यों खफा हुआ ब्राजील?