Mumbai Airport Accident: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ग्राउंड मूवमेंट के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एअर इंडिया और इंडिगो की दो उड़ानों के पंख आपस में भिड़ गए. यह घटना रनवे या उड़ान के दौरान नहीं, बल्कि टैक्सीवे पर विमान की आवाजाही के वक्त हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने से पहले पुशबैक प्रक्रिया में था, जबकि इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते हुए पार्किंग बे की ओर बढ़ रहा था. इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप्स में टक्कर हो गई.
Mumbai Airport | While Air India AI2732 was taxiing from C1 towards M4 for departure, and the IndiGo arrival flight was taxing joining B1, the right wing tips of both the aircraft touched each other. Both aircraft were taxiing at the time of the incident. Both aircraft returned… pic.twitter.com/hZXxlrrx9l
— ANI (@ANI) February 3, 2026
यात्रियों में मचा हड़कंप, लेकिन कोई हताहत नहीं
हादसे के समय दोनों विमानों में यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए यात्रियों में घबराहट फैल गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई. एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की टीमों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए विमानों को रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना के बाद प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.
टक्कर की वजहों की जांच जारी
एयरपोर्ट अथॉरिटी, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और दोनों एयरलाइंस की तकनीकी टीमें संयुक्त रूप से यह जांच कर रही हैं कि टक्कर किन कारणों से हुई. शुरुआती तौर पर एटीसी निर्देशों में किसी तरह की चूक, ग्राउंड हैंडलिंग के दौरान हुई गलती या तकनीकी वजहों की संभावना को परखा जा रहा है. इस घटना के बाद विमान संचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.
एयरलाइंस का आधिकारिक बयान
एअर इंडिया ने बताया कि मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली उनकी फ्लाइट AI2732 टैक्सीवे पर टेक-ऑफ से पहले इंतजार कर रही थी, तभी सर्विस के लिए तैनात विमान का विंगटिप दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया. टक्कर से विमान के पंख के सिरे को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद एहतियातन विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया. सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया और रेगुलेटर को घटना की जानकारी दे दी गई है.
इंडिगो की ओर से बताया गया कि 3 फरवरी को हैदराबाद से मुंबई आई फ्लाइट 6E 791 का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के विमान से टकरा गया. सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और विमान का मेंटेनेंस निरीक्षण किया जा रहा है. कंपनी ने कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ड्रैगन की एंट्री, अरब सागर में दिखा चीन का ये जहाज; USS लिंकन पर खतरा!