'जनता को कट्टा नहीं, शांति चाहिए', मैथली ठाकुर ने RJD पर साधा निशाना

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के साथ ही पूरे राज्य का सियासी तापमान अपने चरम पर है. आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है और कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद हो रही है.

Maithali Thakur Attacked on Tejashwi Yadav Says Bihar Want Peace not pistol
Image Source: Social Media

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के साथ ही पूरे राज्य का सियासी तापमान अपने चरम पर है. आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है और कई दिग्गज नेताओं की किस्मत ईवीएम में बंद हो रही है. इनमें एक ओर जहां राजद के नेता तेजस्वी यादव और बीजेपी के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जैसे बड़े नाम शामिल हैं, वहीं जनता की निगाहें दरभंगा की अलीनगर सीट पर भी टिकी हुई हैं — क्योंकि इस सीट से लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर चुनावी मैदान में हैं.

अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहीं मैथिली ठाकुर के लिए यह सियासी शुरुआत बेहद अहम है. सोशल मीडिया और संगीत के जरिए लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली मैथिली अब जनता के बीच अपनी नई पहचान  एक राजनीतिक नेता  के रूप में उतर चुकी हैं. सुबह से ही उन्होंने बूथों का दौरा शुरू किया और मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदाताओं से बातचीत की. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “सुबह से कई बूथों पर जाकर लोगों से मिल रही हूं, माहौल को समझ रही हूं. मैं ये देख रही हूं कि किसी को किसी तरह की असुविधा न हो.”

“जनता को कट्टा नहीं, शांति चाहिए” – राजद पर तीखा वार

बातचीत के दौरान मैथिली ठाकुर ने बिना किसी लाग-लपेट के आरजेडी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा, “बिहार की जनता अब जागरूक है. उन्हें डर और धमकी नहीं, शांति और विकास चाहिए. जनता को कट्टा नहीं, शांति चाहिए. उन्होंने आगे कहा, “बिहार के लोग जानते हैं कि मंदिर में आस्था जरूरी है, लेकिन विकास भी उतना ही अहम है. हम ऐसी राजनीति चाहते हैं जो भय नहीं, भरोसा दे.

तेजस्वी यादव पर पलटवार

कुछ दिनों पहले समस्तीपुर में आरजेडी उम्मीदवार डॉ. एज्या यादव की रैली में यह बयान दिया गया था कि “अभी तो लड़के लाठी लेकर घूमते हैं, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो कट्टा लेकर घूमेंगे.” इस विवादित बयान पर अब मैथिली ठाकुर ने भी करारा पलटवार किया है. उन्होंने कहा, “ऐसे बयान बिहार की जनता को पसंद नहीं. लोग अब शांति और सम्मान की राजनीति चाहते हैं. बिहार के मतदाता बहुत समझदार हैं. वे डर की नहीं, विकास की राजनीति को वोट देंगे.

अलीनगर सीट पर कांटे की टक्कर

अलीनगर विधानसभा सीट इस बार सुर्खियों में है. बीजेपी की तरफ से मैथिली ठाकुर जहां युवा और सांस्कृतिक पहचान का चेहरा बनकर मैदान में हैं, वहीं उनके सामने आरजेडी के उम्मीदवार विनोद मिश्र मजबूती से डटे हुए हैं. माना जा रहा है कि इस सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और करीबी रहेगा. चुनावी विश्लेषकों का कहना है कि मैथिली ठाकुर की सादगी, साफ छवि और युवा वर्ग में उनकी लोकप्रियता उन्हें अतिरिक्त बढ़त दिला सकती है. वहीं आरजेडी अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत बनाए रखने में जुटी है.

जनता के दिल की बात: शांति बनाम कट्टा की राजनीति

बिहार की राजनीति लंबे समय तक अपराध, डर और सत्ता संघर्ष की कहानियों से जुड़ी रही है. लेकिन इस बार का चुनाव कुछ अलग है — मतदाता अब विकास, रोजगार और स्थिर शासन की बात कर रहा है.मैथिली ठाकुर की लाइन “जनता को कट्टा नहीं, शांति चाहिए” सिर्फ एक चुनावी बयान नहीं, बल्कि बिहार के बदलते जनमानस की झलक भी है.

यह भी पढ़ें: ‘बिहार कह रहा है फिर एक बार NDA सरकार’, अररिया की रैली में बोले पीएम नरेंद्र मोदी