Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. कभी गली में खेलते बच्चों पर हमला, तो कभी राह चलते लोगों को काट लेना यह अब आम बात हो गई है. इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने अब कड़े कदम उठाने का फैसला किया है. नगर पालिका द्वारा एक खास योजना बनाई गई है, जिसके तहत अब खतरनाक कुत्तों को उम्रकैद की सजा दी जाएगी.
हर दिन 13 से ज्यादा लोग बन रहे हैं शिकार
जिला अस्पताल के मॉडल एंटी रैबीज क्लिनिक के आंकड़े चौंकाने वाले हैं. रोजाना औसतन 13 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे हैं. पिछले एक महीने में ही 394 लोगों को कुत्तों ने काटा है और 1175 एंटी रैबीज डोज़ लगाई गई हैं. यह आंकड़े प्रशासन के लिए खतरे की घंटी बन चुके हैं.
इन इलाकों में सबसे ज्यादा कुत्तों का आतंक
महोबा के आलमपुरा, हवेली दरवाजा, भटीपुरा, समदनगर, कसौरा, मिल्कीपुरा, काजीपुरा, सुभाष चौक और गांधीनगर जैसे मोहल्लों में हालत और भी खराब हैं. यहां आवारा कुत्तों की संख्या इतनी बढ़ चुकी है कि माता-पिता अपने बच्चों को बाहर भेजने में डरने लगे हैं.
6 साल के बच्चे पर हुआ हमला
हाल ही में रामबाबू अहिरवार के 6 वर्षीय बेटे प्रिंस पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. इस हमले में बच्चे के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. इलाके के लोगों का कहना है कि अब बच्चों के लिए घर के बाहर खेलना भी सुरक्षित नहीं रहा.
अब खतरनाक कुत्तों को मिलेगी उम्रकैद
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार के मुताबिक, शहर में जल्द ही एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर स्थापित किया जाएगा. यहां पकड़े गए कुत्तों को 10 दिन तक रखा जाएगा, इस दौरान उनका टीकाकरण और नसबंदी की जाएगी. अगर इसके बाद कोई व्यक्ति उन्हें गोद लेना चाहता है, तो उसे एफिडेविट देना होगा.
कुत्तों पर लगेगी GPS चिप
गोद लिए गए कुत्तों में एक खास चिप लगाई जाएगी, जिससे उन्हें ट्रैक किया जा सके. अगर वही कुत्ता दोबारा किसी को काटता है, तो उसकी पहचान कर उसे आजीवन के लिए कैद कर लिया जाएगा. इस सख्त कदम से उम्मीद है कि शहर में कुत्तों का आतंक कम होगा.
नगर पालिका की इस नई पहल से नागरिकों को राहत की उम्मीद है. लोग चाहते हैं कि उनके बच्चे खुले में बिना डर के खेल सकें और सड़कों पर चलना फिरना सुरक्षित हो. प्रशासन का यह कदम अगर सख्ती से लागू हुआ, तो महोबा को जल्द ही आवारा कुत्तों के खौफ से निजात मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: PM Kisan Samman Nidhi पाने वालों को यूपी सरकार ने दी सौगात, मिलेगी ये खास सुविधा