Mahindra Thar Facelift: भारतीय ऑटोमोबाइल जगत में अपनी दमदार ऑफ-रोडिंग क्षमता के लिए मशहूर महिंद्रा थार ने एक बार फिर से अपना जलवा दिखाया है. पांच साल पहले लॉन्च हुए सेकेंड जनरेशन मॉडल के बाद अब कंपनी ने थार का नया फेसलिफ्ट वर्जन बाजार में उतार दिया है. यह नई थार अपने अपडेटेड लुक, बेहतरीन फीचर्स और प्रतिस्पर्धी कीमत के साथ ऑफ-रोड प्रेमियों को खासा लुभाएगी. आइए जानें इस नए मॉडल में क्या खास बदलाव हुए हैं.
नए रंग और स्टाइलिंग: एक नया लुक
महिंद्रा थार फेसलिफ्ट अब दो नए रंग विकल्पों बैटलशिप ग्रे और टैंगो रेड में उपलब्ध होगी. इसके साथ ही पुराने पसंदीदा रंग जैसे गैलेक्सी ग्रे, स्टेल्थ ब्लैक, डीप फॉरेस्ट और एवरेस्ट व्हाइट भी जारी रहेंगे. 3-डोर वेरिएंट में नया ग्रिल दिया गया है, जिसमें बॉडी-कलर डिटेलिंग के साथ Roxx से प्रेरित नया ग्रे शेड भी शामिल है. बाहरी डिजाइन में जहां बड़ा बदलाव नहीं है, वहीं इसका रफ-टफ और क्लासिक लुक अब भी अपने जैसे सभी ऑफ-रोड व्हीकल से एक कदम आगे दिखता है.
फेसलिफ्ट में क्या-क्या नया?
बाहरी हिस्से में फेसलिफ्ट मॉडल में डुअल-टोन बंपर और बॉडी-कलर्ड ग्रिल जैसे कॉस्मेटिक अपडेट किए गए हैं, जो पहले के ब्लैक रंग की जगह ले चुके हैं. कार की साइड प्रोफाइल लगभग वैसी ही बनी हुई है. पीछे की ओर अब रियर वाइपर विद वॉशर और रियर कैमरा फीचर जोड़ा गया है, जो पहले भी थार Roxx में उपलब्ध था.
इंटीरियर में बढ़िया अपग्रेड्स
नए महिंद्रा थार के केबिन में कई अपडेट्स देखने को मिलते हैं. इसमें नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और रिफ्रेश्ड स्टीयरिंग व्हील शामिल है. सुरक्षा के लिहाज से टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स भी जोड़े गए हैं. हालांकि, इस बार सॉफ्ट-टॉप ऑप्शन को हटाया गया है, जिससे यह थोड़ा और ज्यादा स्टाइलिश और कॉम्पैक्ट लगती है.
कीमत और वैरिएंट्स
महिंद्रा ने अपने वैरिएंट के नामों को भी नया स्वरूप दिया है, जहां AX ऑप्शनल और LX के बजाय अब AXT और LXT नाम उपयोग में लाए जा रहे हैं. बेस मॉडल की कीमत 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जो पुराने बेस मॉडल की तुलना में करीब 32,000 रुपये सस्ती है. वहीं, टॉप मॉडल (2.2-लीटर डीजल 4x4 AT) की कीमत 16.99 लाख रुपये है, जो पुराने मॉडल से करीब 38,000 रुपये ज्यादा है.
ये भी पढ़ें: Hero या Honda... GST कटौती के बाद किस कंपनी की बाइक सबसे ज्यादा बिकी? पढ़ें सेल्स रिपोर्ट