मध्य प्रदेश के धार में भीषण हादसा, गलत लेन में आए ट्रॉले ने वैन को मारी टक्कर, 6 की मौत

Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बदनावर-उज्जैन फोरलेन हाईवे पर ग्राम पंचकवासा के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी.

Madhya Pradesh Horrific accident in Dhar Trolley enters wrong lane and hits van 6 dead
Image Source: Social Media

Dhar Road Accident: मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बदनावर-उज्जैन फोरलेन हाईवे पर ग्राम पंचकवासा के पास तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से आ रही मारुति ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी. 

हादसे में वैन सवार छह युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ बताया जा रहा है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

महाकाल के दर्शन कर वडोदरा लौट रहे थे युवक

बताया जा रहा है कि वैन में सवार सभी युवक गुजरात के वडोदरा के रहने वाले थे. सभी उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार ट्रॉला गलत लेन में आ गया और उसने वैन को टक्कर मार दी. 

टक्कर इतनी भीषण थी कि छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को इलाज के लिए बदनावर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी शुरू की गई. हादसे के बाद सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. इससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा.

रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

शुरुआती जानकारी में ट्रॉले के गलत दिशा में आने और तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना की असली वजह का पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा.

छह युवकों की एक साथ मौत की खबर जब उनके परिवारों तक पहुंची तो वडोदरा में मातम छा गया. जिस सफर पर युवक महाकाल के दर्शन के बाद खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, वह रास्ते में ही खत्म हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.

ये भी पढ़ें- 44 चौके, 8 छक्के और 150 रन... साई सुदर्शन की जगह सरफराज की होगी वापसी? जानें पूरी जानकारी