Sarfaraz Khan News: श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. टीम के कई खिलाड़ी चोट की वजह से उपलब्ध नहीं हैं. अब साई सुदर्शन के भी सीरीज से बाहर होने की आशंका है. अगर सुदर्शन फिट नहीं हो पाते हैं तो उनकी जगह सरफराज खान को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI सुदर्शन की जगह सरफराज को टीम में शामिल करने पर विचार कर रहा है. हालांकि, इस पर आखिरी फैसला बोर्ड की ओर से लिया जाना बाकी है.
साई सुदर्शन की फिटनेस पर नजर
साई सुदर्शन इस समय बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी चोट से उबर रहे हैं. वह रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम का हिस्सा हैं और उन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है. इसके बावजूद उनके 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट होने की संभावना कम बताई जा रही है.
इसी वजह से उन्हें श्रीलंका जाने वाली भारतीय टीम के साथ भी नहीं भेजा गया. सुदर्शन के वार्म-अप मैच में खेलने की उम्मीद थी, लेकिन वह कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ शुरू हुए तीन दिवसीय अभ्यास मैच का हिस्सा नहीं बन पाए. यह मुकाबला 8 अगस्त से शुरू हुआ है.
शुभमन गिल को भी लगी चोट
भारतीय टीम की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई है. कप्तान शुभमन गिल भी अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए हैं. उनकी दाहिने हाथ की रिंग फिंगर में चोट लगी है. BCCI के मुताबिक, गिल को एहतियात के तौर पर श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतारा गया. मेडिकल टीम उनकी चोट पर नजर रख रही है.
गिल की गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कप्तानी की. हालांकि, गिल की चोट कितनी गंभीर है और वह पहले टेस्ट तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है.
बुमराह पहले ही हो चुके हैं बाहर
श्रीलंका सीरीज से पहले भारत को सबसे बड़ा झटका जसप्रीत बुमराह के बाहर होने से लगा है. इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज के दौरान लगी घुटने की चोट से बुमराह अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं. इसी वजह से उन्हें टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया. चयन समिति ने बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है. इसके अलावा हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं.
हर्षित हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि नितीश को क्वाड्रिसेप्स में चोट लगी है. वॉशिंगटन सुंदर भी हैमस्ट्रिंग की परेशानी के कारण पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. वहीं, तेज गेंदबाज आकाश दीप अपनी पीठ में आए स्ट्रेस रिएक्शन से अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं.
सरफराज खान की हो सकती है वापसी
अगर साई सुदर्शन पहले टेस्ट से बाहर होते हैं तो सरफराज खान को एक बार फिर भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिल सकती है. सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया में जगह बनाई थी. उन्होंने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं और 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं.
उनका बल्लेबाजी औसत 37.10 का है. सरफराज के नाम टेस्ट क्रिकेट में एक शतक और तीन अर्धशतक हैं. उनकी सबसे बड़ी टेस्ट पारी 150 रन की रही है. अब तक वह 44 चौके और 8 छक्के भी लगा चुके हैं. मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने वाले सरफराज के पास घरेलू क्रिकेट का अच्छा अनुभव है और जरूरत पड़ने पर वह टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए अहम है सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है. ऐसे में दोनों मुकाबले भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण होंगे. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है.
भारत ने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें 4 मुकाबले जीते और 4 में हार मिली है. टीम का पॉइंट्स प्रतिशत 48.150 है. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में भारत की कोशिश जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी. लेकिन उससे पहले खिलाड़ियों की चोट ने टीम मैनेजमेंट की परेशानी बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें- Test Captain: कोहली, धोनी या गांगुली... भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान कौन? जानें किसका रिकॉर्ड है सबसे शानदार