LPG New Rate: एलपीजी की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और आपूर्ति से जुड़े दबावों के बीच देश में गैस सिलेंडरों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. इसी कड़ी में 5 किलोग्राम वाले छोटे गैस सिलेंडर की कीमत में एकमुश्त 261 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है. इस बढ़ोतरी के बाद छोटा सिलेंडर अब लगभग घरेलू रसोई गैस के बराबर कीमत पर पहुंच गया है.
इससे पहले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ी वृद्धि की गई थी, जिसके बाद अब छोटे सिलेंडर की कीमत बढ़ना आम उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बन गया है. खासतौर पर शहरों में रहने वाले छात्र और मजदूर वर्ग इस बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं.
छोटे सिलेंडर की नई कीमत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 885.50 रुपये हो गई है. वहीं 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है. यानी दोनों के बीच अब सिर्फ 31 रुपये का अंतर बचा है. यह अंतर पहले काफी अधिक हुआ करता था, लेकिन हालिया बढ़ोतरी के बाद छोटा सिलेंडर लगभग बराबरी पर आ गया है.
प्रति किलो के हिसाब से महंगा छोटा सिलेंडर
अगर कीमत को प्रति किलोग्राम के हिसाब से देखें तो छोटा सिलेंडर कहीं ज्यादा महंगा साबित हो रहा है. 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की प्रति किलो कीमत करीब 64 रुपये के आसपास बैठती है, जबकि 5 किलो वाले सिलेंडर की प्रति किलो कीमत बढ़कर लगभग 176 रुपये तक पहुंच गई है. इस तरह छोटा सिलेंडर प्रति किलो के हिसाब से करीब तीन गुना महंगा हो गया है.
किस पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
सरकार ने छोटे गैस सिलेंडर को खास तौर पर उन लोगों के लिए उपलब्ध कराया था, जिन्हें कम मात्रा में गैस की जरूरत होती है- जैसे कि मजदूर, किराए पर रहने वाले लोग और छात्र. लेकिन अब कीमत बढ़ने के बाद इन वर्गों के लिए इसका उपयोग करना महंगा साबित हो रहा है.
शहरों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है. कम आय वाले परिवारों के लिए भी यह बढ़ोतरी परेशानी का कारण बन सकती है.
कॉमर्शियल सिलेंडर भी महंगा
इससे पहले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी भारी बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद इसका दाम 3,194 रुपये तक पहुंच गया है. इससे होटल, ढाबा और छोटे व्यवसायों पर भी लागत का दबाव बढ़ गया है.
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के संकेत
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिया है कि वैश्विक बाजार में ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी का असर भारत पर भी पड़ रहा है. उनका कहना है कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमतों में 30 प्रतिशत तक उछाल आता है, तो उसका प्रभाव घरेलू बाजार में भी दिखता है.
सूत्रों के अनुसार, एलपीजी के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है. बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों को प्रति लीटर नुकसान झेलना पड़ रहा है और यदि कीमतें बढ़ाई जाती हैं तो इसमें 25 से 28 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा संभव है.
ये भी पढे़ं- दिल्ली-NCR में 3 दिनों तक लगातार बारिश, इन राज्यों में कम होगा तापमान... कहां-कहां बदलेगा मौसम का मिजाज?