दिल्ली-NCR में 3 दिनों तक लगातार बारिश, इन राज्यों में कम होगा तापमान... कहां-कहां बदलेगा मौसम का मिजाज?

उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 3 मई से 5 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

rain in Delhi-NCR temperature will decrease states weather Alert IMD
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Weather Update: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 3 मई से 5 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस बदलाव के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. यह मौसम परिवर्तन सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है.

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान देश के कई हिस्सों में मौसम के बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है. उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 2 से 7 मई के बीच मौसम सक्रिय बना रहेगा. यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. इसके अलावा तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों का हाल

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में मौसम बदलने के संकेत हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे लू से राहत मिलने की उम्मीद है.

यूपी में मौसम का पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश में आज मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि 3 मई से कई जिलों में हल्की बारिश शुरू हो सकती है. 4 और 5 मई को पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं, जिससे तापमान में कमी आ सकती है.

बिहार में गर्मी के बीच बारिश की संभावना

बिहार में आज कई इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन कुछ जिलों में राहत भी मिल सकती है. मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और वैशाली जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे मौसम कुछ हद तक सुहावना हो सकता है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश का मौसम

राजस्थान के कई जिलों में आज तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है. मध्य प्रदेश में भी लगभग ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है, जहां आंधी और बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले चार से पांच दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: डिनर डेट पर जाएंगे इन 3 राशि के जातक, इनको मिलेगा रोमांस का मौका, जानें आज का लव राशिफल