WPL 2026: वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 का दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबला अब क्रिकेट से ज्यादा एक विवाद की वजह से चर्चा में आ गया है. मैच के दौरान दिल्ली की स्टार बल्लेबाज़ लिजेल ली का स्टम्प आउट होना सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट गलियारों तक बहस का मुद्दा बन गया. थर्ड अंपायर के फैसले से न सिर्फ खिलाड़ी नाराज़ दिखीं, बल्कि फैंस भी दो धड़ों में बंट गए.
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सामने 155 रनों का लक्ष्य रखा था. लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को लिजेल ली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, और उन्होंने इसे काफी हद तक निभाया भी. लेकिन 46 रनों पर उनका विवादित आउट होना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.
कब और कैसे हुआ विवाद
यह घटना दिल्ली कैपिटल्स की पारी के 11वें ओवर की है. मुंबई इंडियंस की ओर से अमनजोत कौर गेंदबाज़ी कर रही थीं. ओवर की तीसरी गेंद वाइड चली गई. इस गेंद पर लिजेल ली आगे बढ़कर लेग साइड की ओर खेलने की कोशिश में निकलीं, लेकिन गेंद उनसे चूक गई. विकेट के पीछे मौजूद विकेटकीपर राहिला फिरदौस ने फुर्ती दिखाते हुए गिल्लियां बिखेर दीं. मैदान पर मौजूद अंपायर ने मामला थर्ड अंपायर के पास भेजा, जिसके बाद अलग-अलग कैमरा एंगल से रिप्ले दिखाए गए.
OUT or NOT OUT? 🤔
— Asma bano (@Asmabano317344) January 20, 2026
Lizelle Lee is absolutely livid with the verdict and trudges off in frustration 👀#WPL2026 #DCvsMI #DelhiCapitals #LizelleLee pic.twitter.com/XsEelhSisx
रीप्ले बना विवाद की जड़
साइड एंगल से दिखाए गए रिप्ले में ऐसा प्रतीत हुआ कि लिजेल ली का बल्ला गिल्लियां गिरने से पहले क्रीज की लाइन पर टिक चुका था. लेकिन जब फ्रंट एंगल सामने आया, तो उस पल बल्ला हवा में नजर आया. थर्ड अंपायर अजितेश अरगल ने फ्रंट एंगल को आधार मानते हुए लिजेल ली को आउट करार दे दिया. यहीं से विवाद ने तूल पकड़ लिया. साइड एंगल को नज़रअंदाज़ किए जाने पर सवाल उठने लगे और फैसले की निष्पक्षता पर बहस शुरू हो गई.
मैदान पर दिखा गुस्सा
आउट दिए जाने के बाद लिजेल ली का गुस्सा साफ नजर आया. वह काफी देर तक ऑन-फील्ड अंपायर से चर्चा करती दिखीं और फैसले से असहमति जताती रहीं. 28 गेंदों में 46 रन की अहम पारी खेलने के बाद इस तरह आउट होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी बड़ा झटका था.
सोशल मीडिया पर बंटी राय
लिजेल ली के आउट होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. कुछ फैंस का मानना है कि उन्हें गलत आउट दिया गया क्योंकि उनका पैर क्रीज के अंदर था और बल्ला भी पहले जमीन को छू चुका था. वहीं कुछ लोगों ने इस फैसले को पक्षपातपूर्ण करार दिया. दूसरी ओर, कुछ यूजर्स का कहना है कि फ्रंट एंगल में बल्ला स्पष्ट रूप से हवा में दिखाई दे रहा था, इसलिए थर्ड अंपायर का फैसला नियमों के अनुसार था. कुल मिलाकर यह स्टम्प आउट WPL 2026 के सबसे चर्चित और विवादित पलों में शामिल हो गया है.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: 785 दिन बाद लौटेंगे ईशान किशन, टी20 में करेंगे वापसी; कप्तान ने किया कंफर्म