Board Exam Tips: बोर्ड परीक्षा हर छात्र के जीवन का एक महत्वपूर्ण मोड़ होती है. 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं न सिर्फ अकादमिक भविष्य तय करती हैं, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास और मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर डालती हैं. पूरे साल की मेहनत, अच्छे नंबर लाने की उम्मीद और भविष्य को लेकर अनगिनत सवाल जैसे-जैसे परीक्षा की तारीख नजदीक आती है, वैसे-वैसे बच्चों का तनाव बढ़ने लगता है. इस दबाव से माता-पिता भी अछूते नहीं रहते और घर का माहौल कई बार अनजाने में तनावपूर्ण हो जाता है.
अक्सर देखा जाता है कि परीक्षा की तैयारी के दौरान सारा फोकस किताबों और सिलेबस पर ही रहता है. लगातार पढ़ाई और अपेक्षाओं के बोझ के कारण बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से थकने लगते हैं. इसका असर उनकी एकाग्रता, याददाश्त और आत्मविश्वास पर पड़ सकता है. ऐसे में जरूरी है कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी में बच्चे की मेंटल हेल्थ, दिनचर्या और भावनात्मक स्थिति पर भी उतना ही ध्यान दिया जाए, जितना पढ़ाई पर दिया जाता है.
संतुलित टाइम-टेबल से कम होगा पढ़ाई का बोझ
बच्चों को पूरा दिन पढ़ाई में झोंक देने के बजाय एक संतुलित टाइम-टेबल बनाना ज्यादा असरदार होता है. पढ़ाई के साथ छोटे-छोटे ब्रेक शामिल करने से दिमाग पर दबाव नहीं पड़ता और बच्चा ज्यादा देर तक फोकस बनाए रख पाता है. लगातार घंटों पढ़ने की बजाय थोड़े-थोड़े समय में पढ़ाई करने से समझ और याद रखने की क्षमता बेहतर होती है, जिससे तनाव अपने आप कम हो जाता है.
रिवीजन से बढ़ता है आत्मविश्वास
बोर्ड परीक्षा की तैयारी सिर्फ नया पढ़ने तक सीमित नहीं होनी चाहिए. बच्चे लंबे समय से जो कुछ भी पढ़ते आ रहे हैं, उसका नियमित रिवीजन बेहद जरूरी है. रिवीजन से न सिर्फ टॉपिक्स दोबारा स्पष्ट होते हैं, बल्कि परीक्षा से पहले आत्मविश्वास भी बढ़ता है. हफ्ते में कम से कम एक बार पूरे सिलेबस या महत्वपूर्ण हिस्सों की पुनरावृत्ति करने से बच्चों को अपनी तैयारी पर भरोसा महसूस होता है.
मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी जरूरी
आज के डिजिटल दौर में मोबाइल और सोशल मीडिया बच्चों के लिए सबसे बड़ा डिस्ट्रैक्शन बन चुके हैं. पढ़ाई के समय इनसे दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि बार-बार नोटिफिकेशन और स्क्रॉलिंग से ध्यान भटकता है. पढ़ाई के बाद सीमित समय के लिए स्क्रीन इस्तेमाल करने की अनुमति दी जा सकती है, ताकि दिमाग थोड़ा रिलैक्स हो सके, लेकिन इसका समय तय होना चाहिए.
नींद और खानपान निभाते हैं अहम भूमिका
अच्छी नींद और संतुलित आहार बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं. देर रात तक जागकर पढ़ने से थकान बढ़ती है और अगला दिन असरदार नहीं रह पाता. बच्चे के सोने और जागने का एक तय समय होना चाहिए. साथ ही पौष्टिक और हल्का भोजन दिमाग को एक्टिव रखता है, जिससे पढ़ाई में मन लगता है और तनाव कम महसूस होता है.
पॉजिटिव माहौल से घटता है परीक्षा का डर
परीक्षा के समय बच्चों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना उनके लिए नुकसानदायक हो सकता है. माता-पिता का सहयोग, भरोसा और सकारात्मक रवैया बच्चे को मानसिक रूप से मजबूत बनाता है. उन्हें यह समझाना जरूरी है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं. छोटी-छोटी तारीफ, हौसला और प्रोत्साहन बच्चे के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और परीक्षा के डर को काफी हद तक कम कर देता है.
बिना तनाव के परीक्षा ही है असली सफलता
बोर्ड परीक्षा में अच्छे नंबर लाना जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है बच्चे का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना. सही गाइडेंस, संतुलित दिनचर्या और सकारात्मक माहौल के साथ बच्चे न सिर्फ बेहतर तैयारी कर पाते हैं, बल्कि बिना तनाव के परीक्षा का सामना भी कर सकते हैं. यही संतुलन आगे चलकर उनके जीवन में भी काम आता है.
यह भी पढ़ें- सावधान! QR कोड के जरिए हो रहे स्कैम, शातिर ठग आपको ऐसे लगा सकते हैं चूना, जान लें बचने के तरीके