Amit Shah On Bengal: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन के बाद देश की राजनीति में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है. रुझानों में बीजेपी की बढ़त के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए इस जीत को लेकर खुशी जताई और कई अहम बातें कही हैं.
“घुसपैठियों और तुष्टीकरण की राजनीति को सबक”
अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि “बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां कभी भूल नहीं पाएंगी. बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे.”
उनके इस बयान ने चुनावी नतीजों को और ज्यादा राजनीतिक चर्चा में ला दिया है.
बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएँगी।
— Amit Shah (@AmitShah) May 4, 2026
बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे।
चैतन्य महाप्रभु, स्वामी…
बंगाल के गौरव और सांस्कृतिक पहचान का जिक्र
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा, “चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महापुरुषों की पावन भूमि बंगाल का खोया गौरव लौटाने और 'सोनार बांग्ला' के स्वप्न को साकार करने के लिए भाजपा दिन-रात एक कर देगी.” उन्होंने इसे पार्टी का बड़ा लक्ष्य बताया और कहा कि बीजेपी इस दिशा में लगातार काम करेगी.
कार्यकर्ताओं को समर्पित की जीत
अमित शाह ने इस जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिया. उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी की यह सफलता किसी एक दिन का नतीजा नहीं है, बल्कि यह लंबे संघर्ष और मेहनत का परिणाम है.
उन्होंने कहा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा.” उन्होंने आगे कहा कि जो कार्यकर्ता वर्षों से कठिन परिस्थितियों में पार्टी के लिए काम करते रहे, उनका योगदान इस जीत में सबसे अहम है.
शून्य से बहुमत तक की यात्रा
अमित शाह ने बीजेपी की यात्रा को याद करते हुए कहा, “भाजपा की शून्य से आज प्रचंड बहुमत तक पहुंचने की इस कठिन यात्रा में जिन कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा झेली, यातनाएं सहीं और फिर भी विचारधारा के पथ से डिगे नहीं, उन सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को नमन करता हूं. बंगाल की जनता ने इस प्रचंड बहुमत से भाजपा के उन सभी शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी है.” उनके इस बयान में पार्टी के संघर्ष और कार्यकर्ताओं की भूमिका को खास तौर पर उजागर किया गया.
मोदी पर भरोसे की जीत बताया
अमित शाह ने इस चुनावी परिणाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के भरोसे की जीत बताया. उन्होंने कहा कि यह जनादेश डर, तुष्टीकरण और घुसपैठियों के संरक्षकों को करारा जवाब है. उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है.
पूरे बंगाल में भगवा लहराने का दावा
अमित शाह ने अपने बयान में कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक आज हर जगह बीजेपी का भगवा झंडा लहरा रहा है. उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए बंगाल की जनता को धन्यवाद दिया.
ये भी पढ़ें- भगवामय हुआ भारत! बंगाल में प्रचंड जीत के साथ 22 राज्यों में काबिज हुई NDA, जानें किन प्रदेशों में है सरकार