एक समय था जब लोग टीवी सीरियल्स के बिना रह ही नहीं पाते थे. हर किसी को यह जानने की जल्दी रहती थी कि अगले एपिसोड में कहानी में क्या ट्विस्ट आने वाला है. लेकिन समय के साथ चीजें बदलती गईं. अब दर्शक टीवी की जगह ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर वेब शोज और फिल्में देखने लगे हैं. इसी बदलते परिदृश्य में 2024 में कलर्स टीवी ने एक नया शो लाया..
जब इस शो का ऐलान हुआ, तो लोगों ने सोचा कि यह भी बाकी शोज की तरह जल्द ही बंद हो जाएगा. लेकिन लाफ्टर शेफ ने दर्शकों के दिल में अपनी अलग पहचान बनाई और अब इसका तीसरा सीजन भी आने वाला है. आइए जानते हैं कि आखिर क्या कारण है जिसने इस शो को इतना लोकप्रिय बना दिया.
अनोखा कॉन्सेप्ट और हंसाने वाला फॉर्मेट
लाफ्टर शेफ का पहला सीजन 1 जून 2024 को शुरू हुआ. शो में अंकिता लोखंडे-विक्की जैन, कृष्णा अभिषेक-कश्मीरा शाह, निया शर्मा-सुदेश लहरी, रीम शेख-जन्नत जुबैर, राहुल वैद्य और अर्जुन बिजलानी जैसी जोड़ियों ने भाग लिया. शेफ हरपाल सिंह सोखी और होस्ट भारती सिंह शो में दर्शकों को हंसाते हुए दिखे. इस शो का सबसे बड़ा आकर्षण इसका यूनिक कॉन्सेप्ट था. इसमें कंटेस्टेंट्स सिर्फ खाना बनाने में ही माहिर नहीं थे, बल्कि अपनी अतरंगी हरकतों और मजेदार नोक-झोंक से दर्शकों को हंसाते भी रहे. अंकिता और विक्की की झगड़ालू नोकझोंक, रीम और जन्नत की दोस्ती और भारती सिंह की कॉमिक टच ने शो को और भी मजेदार बना दिया.
नेचुरल और रियल कंटेंट
आजकल ज्यादातर रियलिटी शोज स्क्रिप्टेड होते हैं. लेकिन लाफ्टर शेफ में ऐसा नहीं था. कंटेस्टेंट्स के जोक्स, रिएक्शन और मस्ती पूरी तरह नेचुरल लगी. बाकी शोज में जहां झगड़े, तनाव और ड्रामा ज्यादा होता है, वहीं लाफ्टर शेफ ने दर्शकों को सिर्फ हंसाने और तनाव दूर करने वाला अनुभव दिया. इस कारण इसे पूरी फैमिली के साथ आराम से देखा जा सकता है.
कंटेस्टेंट्स की पॉपुलैरिटी
शो की सफलता में कंटेस्टेंट्स का भी बहुत बड़ा योगदान है. मेकर्स ने उन जोड़ियों को चुना जो पहले से ही फैन्स की फेवरेट हैं और जिन्हें दर्शकों का ढेर सारा प्यार मिलता है. शो के कॉन्सेप्ट और पॉपुलर जोड़ियों के मेल ने इसे हिट बना दिया. पहले दो सीजन की सफलता के बाद अब दर्शक बेसब्री से इसके तीसरे सीजन का इंतजार कर रहे हैं. लाफ्टर शेफ ने साबित कर दिया है कि सही कंटेंट और दर्शकों की पसंद का मेल टीवी शो को लंबे समय तक लोकप्रिय बनाए रख सकता है.
यह भी पढ़ें: अभिषेक की पत्नी ले सकती हैं वाइल्ड कार्ड एंट्री...बिगड़ सकता है बजाज का गेम