Latest ICC Rankings Women: भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार फॉर्म अब अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी साफ नजर आने लगा है. ICC की ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार मौजूदगी दर्ज कराई है. श्रीलंका के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन का सीधा फायदा भारत की युवा और सीनियर दोनों खिलाड़ियों को मिला है, खासतौर पर शेफाली वर्मा ने लंबी छलांग लगाकर सुर्खियां बटोरी हैं.
भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 से ही शानदार लय में चल रही हैं और उनका यह फॉर्म अब टी20 रैंकिंग में भी दिखने लगा है. शेफाली ने चार स्थान की छलांग लगाते हुए टी20 बल्लेबाजों की सूची में छठा स्थान हासिल कर लिया है.
वर्ल्ड कप फाइनल में खेली गई उनकी 87 रनों की मैच जिताऊ पारी के बाद श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उनका बल्ला जमकर बोला है. सीरीज के चार मैचों में उन्होंने 118 के बेहतरीन औसत से 236 रन बनाए हैं और फिलहाल वह सीरीज की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं.
जेमिमा को झटका, मंधाना अब भी भारत की शान
जहां शेफाली को फायदा हुआ है, वहीं जेमिमा रोड्रीग्स को रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है और वह अब दसवें पायदान पर खिसक गई हैं. इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजी क्रम की मजबूती बरकरार है.
स्मृति मंधाना टी20 फॉर्मेट में भारत की शीर्ष बल्लेबाज बनी हुई हैं. वह ICC रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज हैं और उनके नाम 767 रेटिंग अंक दर्ज हैं, जो उनकी निरंतरता और क्लास को दर्शाते हैं.
रिचा घोष की तेज़ रफ्तार एंट्री
विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से रैंकिंग में बड़ा फायदा उठाया है. उन्होंने सात स्थान की छलांग लगाते हुए संयुक्त रूप से 20वां स्थान हासिल कर लिया है. सीमित ओवरों में उनकी तेजी से रन बनाने की क्षमता भारतीय टीम के लिए एक बड़ा हथियार बनती जा रही है.
गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर की धमाकेदार छलांग
टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में रेणुका ठाकुर ने सबसे बड़ी छलांग लगाई है. उन्होंने आठ स्थान का सुधार करते हुए टॉप-10 में जगह बना ली है. रेणुका अब दक्षिण अफ्रीका की मलाबा के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं और वह फिलहाल टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं.
हालांकि राधा यादव और श्रेयंका पाटिल को रैंकिंग में नुकसान उठाना पड़ा है, जो टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय हो सकता है.
टी20 वर्ल्ड कप से पहले अहम संकेत
अगले साल जून में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए यह रैंकिंग भारतीय टीम के लिए सकारात्मक संकेत देती है. बल्लेबाजी में भारत की गहराई और निरंतरता साफ दिखाई दे रही है, जबकि गेंदबाजी में अभी और मजबूती लाने की जरूरत है.
कुल मिलाकर ICC की ताजा रैंकिंग यह साफ कर रही है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम सही दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले बड़े टूर्नामेंट से पहले उसका आत्मविश्वास मजबूत हुआ है.
ये भी पढ़ें- यूक्रेन पर बड़ा हमला करने की तैयारी में रूस? पुतिन के घर पर अटैक के बाद एक्टिव की ओरेशनिक मिसाइलें