अमेरिका के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल अटलांटा के हर्ट्सफील्ड-जैक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेरू की राजधानी लीमा से आई एक इंटरनेशनल फ्लाइट की लैंडिंग अचानक खतरनाक मोड़ ले बैठी. रनवे को छूते ही विमान के सभी लैंडिंग टायर एक साथ फट गए, जिससे तेज धमाकों की आवाज और धुएं के घने बादल दिखाई देने लगे. यह घटना देखते ही एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया.
LATAM एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 2482, जो बोइंग 767 विमान से संचालित हो रही थी, लगभग सात घंटे की उड़ान के बाद अटलांटा पहुंची थी. लैंडिंग के दौरान जैसे ही विमान के पहिए रनवे से टकराए, वहां मौजूद लोगों ने लगातार पॉपिंग जैसी आवाजें सुनीं. कुछ ही पलों में विमान के पहियों से धुआं उठता नजर आने लगा. यात्रियों के अनुसार, विमान रनवे पर सामान्य से ज्यादा देर तक हिलता और कांपता रहा, जिससे अंदर बैठे लोगों में डर का माहौल बन गया.
विमान के अंदर भी दिखा नुकसान
हालांकि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन विमान को आंतरिक रूप से नुकसान पहुंचा. स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, केबिन के कुछ पैनल अपनी जगह से उखड़ गए और विमान के टॉयलेट का दरवाजा हिंज से अलग हो गया. लैंडिंग के बाद यात्रियों को काफी देर तक सीट पर ही बैठाए रखा गया, ताकि हालात पूरी तरह नियंत्रण में आ सकें.
यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
टायर फटने के कारण विमान रनवे पर ही रुक गया और उसमें सवार 221 यात्रियों को करीब दो घंटे तक वहीं इंतजार करना पड़ा. बाद में एयरपोर्ट प्रशासन ने बसों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंचाया. सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए रनवे को बंद कर दिया गया, हालांकि एयरपोर्ट का बाकी कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा.
एक्सपर्ट्स ने जताई तकनीकी खराबी की आशंका
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए फॉक्स न्यूज से बातचीत में रिटायर्ड पायलट और बोइंग 767 उड़ाने का लंबा अनुभव रखने वाले कैप्टन पॉल कार ने इसे बेहद दुर्लभ बताया. उनके मुताबिक, एक साथ सभी आठ टायरों का फटना आम बात नहीं है. उन्होंने आशंका जताई कि संभव है विमान के ऑटोमैटिक ब्रेकिंग सिस्टम में खराबी आ गई हो, जिससे ब्रेक लॉक हो गए और अत्यधिक घर्षण के कारण टायर फट गए. फिलहाल LATAM एयरलाइंस और अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) इस मामले की जांच कर रहे हैं. तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आखिर लैंडिंग के वक्त ऐसी गंभीर स्थिति क्यों बनी.
यह भी पढ़ें: 'हमला करने वाले का हाथ काट दिया जाएगा', ट्रंप की धमकी पर गुस्से में ईरान के आर्मी चीफ, दे दी चेतावनी