सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन स्टार बन जाए, कोई नहीं जानता. कभी एक लाइन, कभी एक गाना और कभी एक छोटी-सी क्लिप किसी आम इंसान को रातोंरात सुर्खियों में ला देती है. ऐसा ही कुछ हुआ झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाले पिंटू उर्फ ‘धूम’ के साथ. कचरा उठाने का काम करने वाला यह लड़का एक वायरल वीडियो के बाद पूरे इंटरनेट पर छा गया और हर कोई उसकी आवाज़ और अंदाज़ का दीवाना हो गया.
कुछ दिनों पहले वायरल हुए वीडियो में धूम लोगों से मासूमियत भरे अंदाज़ में पूछता है— “किरिश का गाना सुनेगा?” और फिर ‘दिल ना दिया’ गाना गुनगुनाता है. बस यहीं से कहानी पलट गई. यह डायलॉग और गाना सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा और हजारों यूजर्स ने इस पर रील्स बनानी शुरू कर दीं. देखते ही देखते धूम इंटरनेट सेंसेशन बन गया.
वायरल फेम के बाद नई अफवाह
धूम की लोकप्रियता अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि सोशल मीडिया पर एक और चर्चा शुरू हो गई. इस बार वजह बना एक फोटो, जिसमें दावा किया गया कि वायरल बॉय धूम ने गुपचुप तरीके से सगाई या शादी कर ली है. तस्वीर में धूम के बगल में एक खूबसूरत लड़की बैठी नजर आ रही थी, जिसे देखकर यूजर्स हैरान रह गए. जैसे ही यह फोटो सामने आई, सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ आ गई. कोई पूछने लगा कि क्या धूम शादीशुदा हो गया है, तो कोई यह कहता दिखा कि “इतनी जल्दी शादी और वो भी इतनी सुंदर लड़की से!”
यूजर्स के कमेंट्स ने बढ़ाई हलचल
वायरल तस्वीर के कमेंट सेक्शन में लोग बिना सोचे-समझे अपनी राय देने लगे. एक यूजर ने लिखा, “क्या सच में वायरल बॉय धूम की शादी हो गई?”वहीं दूसरे ने हैरानी जताते हुए कहा, “कौन मान सकता है कि धूम की पत्नी इतनी खूबसूरत होगी!” कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि यह तस्वीर किसी बेबी शावर समारोह की है, जिससे अफवाह और तेज़ हो गई. कई यूजर्स ने इसे सच मान लिया और बिना किसी पुष्टि के फोटो को आगे शेयर करने लगे.
सामने आई वायरल तस्वीर की हकीकत
हालांकि, जब इस वायरल फोटो की पड़ताल की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली. जिस तस्वीर को लोग धूम की सगाई या शादी से जोड़ रहे थे, वह पूरी तरह फर्जी है. यह कोई असली फोटो नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई इमेज है.इस तस्वीर का न तो धूम की शादी से कोई लेना-देना है और न ही यह किसी बेबी शावर या निजी समारोह की असली तस्वीर है. महज कुछ घंटों की वायरलिटी के लिए AI जनरेटेड फोटो को सच बताकर फैलाया गया, जिसे लोगों ने बिना जांचे-परखे मान लिया.
सोशल मीडिया पर फेम और फेक का खेल
धूम का मामला एक बार फिर यह साबित करता है कि सोशल मीडिया पर फेम जितनी जल्दी मिलता है, उतनी ही तेजी से अफवाहें भी फैलती हैं. एक वायरल वीडियो ने उसे पहचान दिलाई, लेकिन AI से बनी एक तस्वीर ने उसकी निजी ज़िंदगी को लेकर झूठी चर्चाओं को जन्म दे दिया. फिलहाल साफ है कि वायरल बॉय धूम न तो शादीशुदा है और न ही उसकी कोई सगाई हुई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर पूरी तरह फेक है और लोगों को ऐसी खबरों पर भरोसा करने से पहले सच्चाई जरूर जांचनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: अटल-आडवाणी से लेकर शाह-नवीन तक... 45 सालों में BJP को मिले 12 राष्ट्रीय अध्यक्ष, देखें पूरी लिस्ट