कृष का सुनेगा? गाने वाले शख्स का बदला लुक, लोग बोले- ले बेटा हो गया कमबैक

सोशल मीडिया की दुनिया कब किसे स्टार बना दे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. कभी सड़क किनारे कचरा बीनने वाला एक लड़का आज इंटरनेट पर लाखों लोगों की पहचान बन चुका है.

Krish ka gaana sunega dhoom new viral look
Image Source: Social Media

सोशल मीडिया की दुनिया कब किसे स्टार बना दे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. कभी सड़क किनारे कचरा बीनने वाला एक लड़का आज इंटरनेट पर लाखों लोगों की पहचान बन चुका है. जमशेदपुर का रहने वाला पिंटू, जिसे लोग अब ‘धूम’ के नाम से जानते हैं, इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. उसकी मशहूर पंच लाइन “कृष का सुनेगा गाना” न सिर्फ वायरल हो चुकी है, बल्कि मीम्स और रील्स की दुनिया में भी छा गई है. अब धूम को लेकर दावा किया जा रहा है कि उसकी जिंदगी एक नए मोड़ पर पहुंच चुकी है और उसका लुक पूरी तरह बदल गया है.


हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें जमशेदपुर के वायरल बॉय धूम का बदला हुआ अंदाज सभी को चौंका रहा है. कभी फटे-पुराने और गंदे कपड़ों में दिखने वाला धूम अब कैमरे के सामने एक लॉन्ग, कढ़ाईदार कोट में स्टाइलिश पोज देता नजर आ रहा है. उसके चेहरे पर आत्मविश्वास और चाल में ठहराव साफ दिखाई दे रहा है. धूम के वायरल होने के बाद कई लोग आगे आए हैं, जो उसकी जिंदगी संवारने का दावा कर रहे हैं. यही नहीं, उसके चर्चित डायलॉग और गाने को लेकर प्रोफेशनल रिकॉर्डिंग की भी बातें सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया क्रिएटर्स लगातार उससे मिलने पहुंच रहे हैं और उसकी कहानी जानने की कोशिश कर रहे हैं.

कौन है धूम? दर्द भरी है पिंटू की कहानी

धूम का असली नाम पिंटू है और वह झारखंड के जमशेदपुर का निवासी है. पिंटू खुद बताता है कि वह बचपन से ही मां-बाप के साए से दूर रहा है. उसकी सगी मां इस दुनिया में नहीं है और उसके अनुसार सौतेली मां ने उसे घर से बाहर निकाल दिया था. जीवन यापन के लिए धूम लंबे समय तक कचरा चुनने और मरे हुए जानवरों को ठिकाने लगाने जैसे काम करता रहा. वह अपने पिता का नाम लाला बताता है. बेहद कठिन परिस्थितियों में पला-बढ़ा धूम आज सोशल मीडिया के जरिए एक नई पहचान बना रहा है.

यूजर्स बोले—अब तो धूम का भी कमबैक हो गया

धूम का यह बदला हुआ रूप इंस्टाग्राम पर satish_roy_official नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट को लाखों व्यूज़ और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं.
यूजर्स धूम के नए अवतार पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “ले बेटा, अब तो इसका भी कमबैक हो गया.”दूसरे ने कमेंट किया, “वाह धूम, क्या बात है… एकदम फिल्मी हीरो लग रहा है.”वहीं एक और यूजर ने लिखा, “धूम का जलवा है, हर लिबास में मासूम लगता है.”

सोशल मीडिया से बदलती तकदीर

धूम की कहानी एक बार फिर साबित करती है कि सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि कई जिंदगियों के लिए उम्मीद की किरण भी बन सकता है. अब देखना यह होगा कि वायरल पहचान के बाद धूम की जिंदगी किस दिशा में आगे बढ़ती है.

यह भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज़! अब ऐसे टिकट बुक करने पर मिलेगा 3% का डिस्टकाउंट, जानें पूरी डिटेल