Khesari Lal Yadav Contest Election: बिहार की सियासत में एक और धमाका, भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब राजनीति के अखाड़े में उतरने को पूरी तरह तैयार हैं. लंबे समय से अटकलें चल रही थीं कि खेसारी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, लेकिन अब तस्वीर साफ हो गई है. आरजेडी ने छपरा से खेसारी को मैदान में उतारने का फैसला लिया है.
पहले यह चर्चा थी कि खेसारी की पत्नी चंदा देवी छपरा से चुनाव लड़ेंगी और अभिनेता खुद प्रचार की जिम्मेदारी संभालेंगे. लेकिन चंदा देवी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया. इसके बाद पार्टी ने स्टार कैंडिडेट खेसारी लाल को ही टिकट थमा दिया.
कुछ दिन पहले खेसारी ने बयान दिया था, "मैं तो अपनी पत्नी को मना रहा हूं कि चुनाव लड़ लें, लेकिन वो तैयार नहीं हैं. अगर वो नहीं मानतीं तो हम तेजस्वी यादव के लिए जोर-शोर से प्रचार करेंगे." अब खेसारी न केवल प्रचार करेंगे, बल्कि खुद आरजेडी के लालटेन को छपरा की गलियों में लेकर निकलेंगे.
महागठबंधन में अब भी मची है खींचतान
हालांकि, महागठबंधन में सीटों का बंटवारा अभी तक पूरी तरह से नहीं सुलझ पाया है. वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी की आज शाम 6 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द हो गई है, जिससे अटकलें और तेज हो गई हैं कि अंदरखाने सब कुछ ठीक नहीं चल रहा.
आरजेडी ने अब तक अपनी पहली लिस्ट भी जारी नहीं की है, हालांकि लालू प्रसाद यादव ने कई सीटों पर अपने भरोसेमंद नेताओं को सिंबल दे दिया है. इन नेताओं में मनेर से भाई वीरेंद्र, परबत्ता से डॉ. संजीव कुमार, हथुआ से राजेश कुमार, मसौढ़ी से रेखा पासवान और दरभंगा से ललित यादव जैसे नाम शामिल हैं.
स्टार पावर से चुनावी समीकरण में बड़ा बदलाव?
खेसारी लाल यादव की लोकप्रियता केवल भोजपुरी फिल्मों तक सीमित नहीं है, उनकी फैन फॉलोइंग गांव-गांव तक फैली हुई है. ऐसे में छपरा जैसी सीट पर उनका मैदान में उतरना आरजेडी के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि छपरा की जनता अपने ‘स्टार’ को विधायक बनाती है या राजनीति का ‘स्क्रिप्ट’ कोई नया मोड़ लेता है.
यह भी पढ़ें- ChatGPT बनने जा रहा है सुपर ऐप, अब चैटिंग से शॉपिंग और पेमेंट तक सब कुछ एक ही जगह!