Khesari Lal on Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर ला दिया है. जहां एक तरफ एनडीए गठबंधन ने जोरदार जीत दर्ज की है, वहीं कुछ चर्चित उम्मीदवारों को भारी निराशा का सामना करना पड़ा.
भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव, जो पहली बार आरजेडी के टिकट पर छपरा विधानसभा सीट से मैदान में उतरे थे, उन्हें उम्मीद के विपरीत करारी हार मिली है. चुनावी नतीजों के लगभग साफ होने के बाद खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और विनम्रता से जनता के फैसले को स्वीकार किया है.
इंस्टाग्राम पर खेसारी की भावुक पोस्ट
खेसारी लाल ने अपने इंस्टाग्राम पर हाथ जोड़कर खड़ी अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसके साथ उन्होंने एक भावनात्मक संदेश लिखा. पोस्ट में उन्होंने लिखा "क्या हार में क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो मिला, ये भी सही वो भी सही… जनता मेरे लिए तब भी सर्वोपरि थी, आज भी है और हमेशा रहेगी! मुद्दा तब भी उठल बा, आगे भी उठी... जय बिहार!" उनके इस संदेश से साफ झलकता है कि अभिनेता ने हार को बड़े दिल से स्वीकार करते हुए जनता का आभार जताया है.
किस अंतर से हारे खेसारी लाल यादव?
छपरा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा था. चुनावी प्रचार के दौरान खेसारी लाल की लोकप्रियता को देखते हुए यह सीट पूरे राज्य में चर्चा का विषय बनी हुई थी. लेकिन नतीजों में बीजेपी प्रत्याशी छोटी कुमारी ने लगभग 7,000 से 8,000 वोटों के अंतर से खेसारी पर निर्णायक बढ़त बना ली. हालांकि आधिकारिक परिणाम अभी घोषित नहीं हुए हैं, फिर भी खेसारी ने पोस्ट के माध्यम से अपनी हार को स्वीकार कर लिया है.
छोटी कुमारी की पहली प्रतिक्रिया
विजय के बाद छोटी कुमारी ने मीडिया से बातचीत में कहा यह मेरी जीत नहीं, यह छपरा की जनता की जीत है. उन्होंने मुझ पर भरोसा किया है और मैं इस भरोसे पर खरी उतरने की पूरी कोशिश करूंगी. जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने एक बड़े फिल्म स्टार को हराकर क्या महसूस किया, तो उन्होंने सहजता से कहा यह फैसला जनता का होता है. चुनाव प्रचार में चाहे जो अटकलें लगाई गई हों, मुझे कहीं से कोई डर नहीं था. छपरा में खेसारी बनाम छोटी कुमारी की टक्कर पूरे चुनाव में सबसे हाईप्रोफाइल मुकाबलों में से एक मानी जा रही थी. लेकिन अंतिम फैसला जनता ने दिया और लोकतंत्र में जनता का निर्णय ही सर्वोपरि है.
यह भी पढ़ें: किस किसको प्यार करूं 2 का पहला धमाका — हनी सिंह और कपिल शर्मा की ‘फुर्र’ आउट!