मालकिन की जान बचाने के लिए जहरीले कोबरा से भिड़ गया पालतू कुत्ता, जानिए किसकी हुई जीत?

केरल के अलप्पुझा में एक ऐसा ही साहसिक किस्सा सामने आया है, जहां एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए जहरीले कोबरा सांप से जान पर खेलकर मुकाबला किया.

Kerala Dog fights cobra to save owner s life kills the snake
Meta AI

सांप और नेवले की लड़ाई तो आपने कई बार देखी होगी, लेकिन क्या कभी आपने कुत्ते और जहरीले कोबरा के बीच की भिड़ंत देखी है? केरल के अलप्पुझा में एक ऐसा ही साहसिक किस्सा सामने आया है, जहां एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक की जान बचाने के लिए जहरीले कोबरा सांप से जान पर खेलकर मुकाबला किया. इस बहादुरी ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया.

घर में घुसा कोबरा, कुत्ते ने लिया सामना

यह घटना केरल के सुभाष कृष्ण के घर की है, जो अपनी पत्नी और पालतू कुत्ते रॉकी के साथ रहते हैं. जब सुभाष घर से बाहर गए हुए थे, तब अचानक एक कोबरा सांप उनके आंगन में घुस आया. घर में काम कर रही महिला ने सांप को देखा तो तुरंत कुत्ता रॉकी अलर्ट हो गया. रॉकी ने बिना देर किए सांप के सामने खड़ा होकर उसकी हिम्मत का जवाब दिया.

बहादुर रॉकी ने सांप को मौत के घाट उतारा

कोबरा और रॉकी के बीच जोरदार संघर्ष हुआ. हालांकि सांप जहरीला था, लेकिन रॉकी की बहादुरी के आगे वह टिक न सका. कुत्ते ने कोबरा को मार गिराया, लेकिन इस लड़ाई में वह भी कई बार सांप के डसने से बुरी तरह घायल हो गया. जहर रॉकी के शरीर में फैल गया और वह बेहोश होकर आंगन में गिर पड़ा.

अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग

रॉकी की हालत देखकर सुभाष की पत्नी ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया. कई अस्पतालों ने सही इलाज ना कर पाने के कारण उसे दूसरे डॉक्टर के पास भेजा, लेकिन आखिरकार पशु चिकित्सक डॉ. बिपिन प्रकाश ने रॉकी का सफल इलाज किया. अब रॉकी ठीक हो रहा है और उसका स्वास्थ्य धीरे-धीरे सुधार रहा है.

साहस की मिसाल बनी रॉकी की कहानी

रॉकी ने न केवल अपने मालिक की जान बचाई बल्कि इस घटना ने पूरे इलाके में बहादुरी और समर्पण की एक मिसाल कायम की है. यह कहानी याद दिलाती है कि कभी-कभी जान पर खेलकर भी अपने परिवार और घर की रक्षा करने का जज्बा इंसानों से भी कहीं ज्यादा होता है.

ये भी पढ़ें: ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर पीएम मोदी की बड़ी अपील, कहा- स्वदेशी खरीदें और सेल्फी लेकर देश को करें प्रेरित