KBC 18: अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 18 को अपना पहला करोड़पति मिल गया है. महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले भूषण ठाकरे ने 1 करोड़ रुपये जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनकी इस कामयाबी पर खुद बिग बी भी खुशी से झूम उठे और उन्हें गले लगाकर बधाई दी. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर इतिहास रच पाएंगे?
KBC 18 को मिला पहला करोड़पति
सोनी टीवी ने शो का नया प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसमें भूषण ठाकरे 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देते नजर आ रहे हैं. जैसे ही वह इस पड़ाव को पार करते हैं, अमिताभ बच्चन खुशी से खड़े हो जाते हैं और उन्हें गले लगाकर बधाई देते हैं. भूषण की इस जीत के साथ ही वह केबीसी सीजन 18 के पहले करोड़पति बन गए हैं. उनकी कामयाबी देखकर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी काफी खुश नजर आए.
पिता करते हैं मजदूरी, मां की भी रहती है तबीयत खराब
हॉट सीट पर बैठे भूषण ठाकरे ने अमिताभ बच्चन के सामने अपने परिवार के संघर्षों के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और उन्होंने काफी मेहनत करके उन्हें पढ़ाया है. वहीं, उनकी मां की तबीयत भी ठीक नहीं रहती और उन्हें कई सर्जरी से गुजरना पड़ा है. भूषण ने बताया कि उनके माता-पिता का संघर्ष ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है. वह चाहते हैं कि उनकी सफलता देखकर माता-पिता को उन पर गर्व हो. उनकी बातें सुनकर शो का माहौल भावुक हो गया.
UPSC की तैयारी कर रहे हैं भूषण ठाकरे
भूषण ने अमिताभ बच्चन को बताया कि वह UPSC की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'सर, मैं UPSC की तैयारी कर रहा हूं. पिछले डेढ़ साल से अपने घर नहीं जा पाया हूं. मेरे पिताजी मजदूरी करते थे. उन्होंने मुझे बहुत मेहनत से पढ़ाया है. मैं उनकी आंखों में अपने लिए गर्व देखना चाहता हूं.' भूषण की यह बात सुनकर उनकी मेहनत और परिवार के प्रति उनका लगाव साफ नजर आया. 1 करोड़ रुपये जीतने के बाद उनकी कहानी अब दर्शकों के बीच भी चर्चा में है.
क्या 7 करोड़ रुपये जीत पाएंगे भूषण?
प्रोमो में भूषण की जीत के बाद एक और बड़ा मोड़ देखने को मिलता है. अमिताभ बच्चन उनके सामने 7 करोड़ रुपये का सवाल रखते नजर आते हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या भूषण इस आखिरी पड़ाव को भी पार कर पाएंगे?
क्या वह 7 करोड़ रुपये जीतकर केबीसी के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराएंगे या फिर उनका सफर यहीं थम जाएगा? इसका जवाब शो के आने वाले एपिसोड में मिलेगा. फिलहाल, भूषण की 1 करोड़ रुपये की जीत ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
यह भी पढ़ें: Samantha Ruth Prabhu: 39 की उम्र में मां बनीं समांथा रुथ प्रभु, बेटे का नाम रखा 'देव', शेयर की पहली झलक