Samantha Ruth Prabhu: 39 की उम्र में मां बनीं समांथा रुथ प्रभु, बेटे का नाम रखा 'देव', शेयर की पहली झलक

Samantha Ruth Prabhu Welcomes Baby Boy: समांथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू ने 19 नवंबर को बेटे का स्वागत किया. कपल ने सोशल मीडिया पर पहली तस्वीर साझा कर लाडले का नाम भी बताया.

samantha-ruth-prabhu-raj-nidimoru-welcome-baby-boy-dev
Image Source: Social Media

Samantha Ruth Prabhu Welcomes Baby Boy: साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और 'द फैमिली मैन' फेम समांथा रुथ प्रभु की जिंदगी में एक नई और खूबसूरत शुरुआत हुई है. अभिनेत्री मां बन गई हैं और उनके घर नन्हे मेहमान ने दस्तक दी है. समांथा और उनके पति राज निदिमोरू ने 19 नवंबर 2026 को बेटे का स्वागत किया. इस खुशखबरी के साथ कपल ने अपने लाडले की पहली झलक भी सोशल मीडिया पर साझा की है. खास बात यह है कि दोनों ने बेटे का नाम भी दुनिया को बता दिया है.

समांथा और राज ने बेटे का रखा खास नाम

समांथा रुथ प्रभु ने सोशल मीडिया पर एक बेहद प्यारी तस्वीर पोस्ट की है. इसमें समांथा और राज निदिमोरू अपने नवजात बेटे की नन्ही उंगलियों को थामे नजर आ रहे हैं. कपल ने अपने बेटे का नाम देव निदिमोरू रखा है. तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, 'हमारा प्यारा बेटा देव निदिमोरू. 19.11.2026. आज हमारे दिल पहले से कहीं ज्यादा खुश हैं.' पोस्ट सामने आते ही फैंस और फिल्मी सितारों की ओर से कपल को बधाइयां मिलने लगीं.

इस खास अंदाज में दी थी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी

समांथा ने 24 जून 2026 को अपनी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी. उन्होंने अपनी तेलुगू फिल्म 'मां इंटी बंगारम' के सक्सेस इवेंट के दौरान इस खुशखबरी का खुलासा किया था. अभिनेत्री ने बताया था कि उन्हें अपनी एक्शन फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला था. इसके बाद सितंबर में उन्होंने अपनी बेबी शॉवर सेरेमनी की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की थीं, जिन्हें फैंस ने खूब पसंद किया था.

बेबी शॉवर में दिखा भारतीय परंपराओं के लिए प्यार

समांथा और राज ने बेबी शॉवर सेरेमनी को खास अंदाज में मनाया था. इस दौरान दोनों अपने परिवार के साथ लिंग भैरवी मंदिर भी पहुंचे थे. अभिनेत्री ने इस मौके पर भारतीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के प्रति अपने लगाव की झलक दिखाई थी. दिलचस्प बात यह है कि इसी मंदिर में दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी भी की थी. अब बेटे के जन्म के साथ इस मंदिर से जुड़ी उनकी यादें और भी खास हो गई हैं.

'द फैमिली मैन' के सेट पर शुरू हुई थी लव स्टोरी

समांथा और राज निदिमोरू की पहली मुलाकात वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' के सेट पर हुई थी. इसके बाद दोनों ने 'सिटाडेल: हनी बनी' में भी साथ काम किया. साथ काम करने के दौरान दोनों की नजदीकियों की खबरें सामने आने लगी थीं. हालांकि, लंबे समय तक दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर चुप्पी बनाए रखी. राज के साथ समांथा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं.

ईशा योग सेंटर में शादी के बाद अब माता-पिता बने समांथा-राज

1 दिसंबर 2025 को समांथा और राज ने अपनी शादी की तस्वीरें साझा कर रिश्ते को आधिकारिक कर दिया था. दोनों ने तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित ईशा योग सेंटर के लिंग भैरवी मंदिर में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी. उनकी शादी भूत शुद्धि विवाह की योगिक परंपरा के अनुसार हुई थी. अब शादी के करीब एक साल बाद दोनों माता-पिता बन गए हैं. बेटे देव के जन्म ने उनकी जिंदगी में खुशियों का नया अध्याय जोड़ दिया है.

ये भी पढ़ें- Sooraj Barjatya Films: राम जैसी मर्यादा, प्रेम जैसा समर्पण! सूरज बड़जात्या के सिनेमा का असली जादू