धमकी भरे कॉल, 1 करोड़ की डिमांड... कपिल शर्मा को धमकाने वाला गिरफ्तार, गैंगस्टर लिंक की पड़ताल जारी

कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े धमकी और जबरन वसूली के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. आरोपी दिलीप चौधरी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है.

Kapil Sharma Threatened with ₹1 Crore Extortion Mumbai Crime Branch Arrests Accused from West Bengal
Image Source: Social Media

कॉमेडियन कपिल शर्मा से जुड़े धमकी और जबरन वसूली के मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. आरोपी दिलीप चौधरी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है. यह मामला 22 और 23 सितंबर को सामने आया था, जब दिलीप ने कपिल शर्मा को कई धमकी भरे कॉल किए और 1 करोड़ रुपए की मांग की. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि क्या आरोपी का कोई गैंगस्टर कनेक्शन भी है या वह केवल नाम का इस्तेमाल कर रहा था.

कॉल्स और वीडियो से डराने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कपिल शर्मा को अलग-अलग नंबरों से लगभग सात बार कॉल कर धमकाया. साथ ही कपिल को डराने के लिए वीडियो भी भेजे गए, जिनमें उसने मशहूर गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के नाम लिए. यह दोनों गैंगस्टर हाल ही में चर्चा में आए थे, खासकर बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग के बाद. इस घटना की जिम्मेदारी इन्हीं गैंगस्टरों ने ली थी, जिसके कारण पुलिस को शक है कि आरोपी इन नामों का इस्तेमाल रंगदारी के लिए कर रहा है.

1 करोड़ रुपए की रंगदारी मांग

अपराधी दिलीप चौधरी ने 22 और 23 सितंबर को कपिल शर्मा को कुल सात बार कॉल कर भारी रकम की मांग की. मुंबई पुलिस ने आरोपी को एस्प्लेंडे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 30 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है. अब पुलिस उसकी पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.

गैंगस्टर कनेक्शन की जांच जारी

मुंबई क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में लगी है कि क्या दिलीप चौधरी का सच में किसी गैंगस्टर से कोई संबंध है या वह केवल धमकाने के लिए उनका नाम ले रहा था. हाल के दिनों में रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ का नाम मीडिया में तेज़ी से उछला है, जिससे पुलिस की जांच और भी अहम हो गई है.

ये भी पढ़ें: 'आप अपना टैलेंट खराब कर रहे हैं', वीकेंड के वार पर अमाल मलिक पर गुस्सा हुए सलमान खान; लगाई क्लास