Maa Trailer Released: ‘शैतान’ की सफलता के बाद अजय देवगन और जियो स्टूडियो की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को डराने लौट आई है, लेकिन इस बार सामने हैं काजोल. साल 2024 में आई हॉरर फिल्म ‘शैतान’ में जहां अजय देवगन ने अपनी फैमिली को बचाने के लिए शैतान से टक्कर ली थी, अब उसी अंदाज़ में काजोल ‘मां’ नाम की एक माइथोलॉजिकल हॉरर फिल्म में एक मां के रूप में राक्षसी ताकतों से भिड़ती नजर आएंगी.
डर, दर्द और मां की ममता से भरा ट्रेलर
‘मां’ का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ है, जिसकी शुरुआत एक शांत कार सीन से होती है. काजोल अपनी बेटी के साथ सफर कर रही हैं, तभी अचानक बेटी की तबीयत बिगड़ती है. मां-बेटी होटल की तलाश में होते हैं, लेकिन तभी एक राक्षस उनकी गाड़ी पर हमला कर देता है. इसके बाद कहानी लेती है भयावह मोड़.
यहां देखें ट्रेलर
एक पुराने, डरावने महलनुमा घर में काजोल अपनी बेटी को लेकर पहुंचती हैं, जहां अजीब घटनाएं शुरू हो जाती हैं. धीरे-धीरे वह जगह बच्चियों के लिए मौत का जाल बन जाती है, क्योंकि एक-एक करके बच्चियां गायब होने लगती हैं. ट्रेलर में काजोल को अपनी बेटी को उस राक्षस से बचाते हुए दिखाया गया है, जो अब उसकी जिंदगी पर कब्जा करना चाहता है. यह फिल्म केवल हॉरर नहीं, बल्कि मातृत्व की ताकत का प्रतीक है. एक मां किस हद तक जा सकती है अपनी संतान को बचाने के लिए, ये फिल्म उसी जज्बे को डर और रहस्य के माहौल में पेश करती है.
फिल्म की रिलीज और बाकी जानकारियां
विशाल फुरिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजोल के साथ रोनित रॉय भी अहम किरदार में नजर आएंगे. ‘मां’ 27 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. अजय देवगन फिल्म्स और जियो स्टूडियोज के बैनर तले बनी यह फिल्म माइथोलॉजिकल और सुपरनैचुरल हॉरर का बेहतरीन मिश्रण लग रही है.
यह भी पढ़ें: क्यों घट रहे अमिताभ बच्चन के फॉलोअर्स? नए पोस्ट फैंस ने बिग-बी को समझाया