Jharkhand Student Protest: राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को 18वें दिन भी जारी रहा. विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई. छात्रों ने जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास लगाए गए कई स्तर के बैरिकेड को पार कर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए भारी सुरक्षा बल के साथ वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे.
#WATCH | JPSC-JSSC aspirants' protest in Ranchi (Jharkhand) | A student climbs atop Police barricading and dances, as Police use water cannon to disperse student protesters who are taking out a 'Vidhan Sabha Gherao' march. pic.twitter.com/CUKmBLsMDs
— ANI (@ANI) August 10, 2026
बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र
सोमवार को विधानसभा घेराव के लिए बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे. जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की थी. इसमें कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग भी शामिल थी. हालांकि, प्रदर्शनकारी एक के बाद एक बैरिकेड पार करते हुए आगे बढ़ने लगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रों ने तीसरी बैरिकेडिंग भी पार कर ली और झारखंड विधानसभा की ओर बढ़ने लगे. प्रदर्शनकारियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
देवेंद्र नाथ महतो भी आंदोलन में शामिल
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा घेराव के लिए मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि वह एंबुलेंस से विधानसभा की ओर रवाना हुए. बाद में उनके सहयोगियों ने उन्हें कंधे पर उठाकर एचईसी स्थित शहीद मैदान तक पहुंचाया. महतो के विधानसभा घेराव में शामिल होने से प्रदर्शनकारियों में भी उत्साह बढ़ा. छात्र अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल
प्रदर्शनकारियों के लगातार आगे बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी स्थिति में प्रदर्शनकारी विधानसभा परिसर के नजदीक न पहुंच सकें. हालांकि, वाटर कैनन के इस्तेमाल के बावजूद छात्र मौके पर डटे रहे. प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
कंटीले तारों की बैरिकेडिंग पर सरकार को घेरा
देवेंद्र नाथ महतो ने विधानसभा घेराव के दौरान कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे अराजकता की स्थिति पैदा हो. महतो ने कहा कि अगर कंटीले तार नहीं लगाए गए होते तो वह यहां नहीं आते. उन्होंने दोहराया कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह पाकिस्तान या बांग्लादेश की सीमा है, जहां इस तरह कंटीले तार लगाए गए हैं.
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच और अपनी अन्य मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- JPSC परीक्षा धांधली में ED की एंट्री, मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू, 17वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी