JPSC परीक्षा धांधली में ED की एंट्री, मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू, 17वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी

JPSC exam scam: JPSC परीक्षा धांधली मामले में ED ने दर्ज की ECIR, पैसों के लेन-देन और संभावित मनी ट्रेल की जांच शुरू, 17वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी

ed-probe-jpsc-exam-irregularities-money-laundering-jharkhand
Image Source: Social Media

JPSC exam scam: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी का मामला अब आर्थिक जांच के दायरे में पहुंच गया है. जेपीएससी की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू कर दी है. एजेंसी ने सीआईडी में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईसीआईआर दर्ज की है. अब जांच में परीक्षा से जुड़ी कथित धांधली के साथ-साथ पैसों के लेन-देन और संभावित मनी ट्रेल की भी पड़ताल होगी.

परीक्षा धांधली में पैसों के लेन-देन का शक

प्रवर्तन निदेशालय की एंट्री के बाद जेपीएससी परीक्षा से जुड़े मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है. एजेंसी को आशंका है कि कथित परीक्षा धांधली के पीछे बड़े पैमाने पर आर्थिक लेन-देन हुआ हो सकता है. ऐसे में अब परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े पैसों के स्रोत, लेन-देन और संभावित लाभार्थियों की जानकारी जुटाई जाएगी. ईडी ने यह कार्रवाई सीआईडी में दर्ज एफआईआर संख्या 16/26 के आधार पर की है. मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच आगे बढ़ने के बाद मामले में आर्थिक गतिविधियों से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना है.

17वें दिन भी जारी है छात्रों का आंदोलन

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 17वें दिन भी जारी है. रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में देवेंद्र नाथ महतो करीब एक सप्ताह से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. उनके अलावा पांच अन्य प्रदर्शनकारी भी भूख हड़ताल कर रहे हैं. छात्र संगठन लगातार जेएसएससी और सीजीएल परीक्षा को रद्द करने के साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. इसी क्रम में एक छात्र संगठन की ओर से सोमवार को विधानसभा का घेराव करने की तैयारी की गई है.

जेपीएससी के तीनों सदस्यों ने दिया इस्तीफा

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद के बीच जेपीएससी के तीनों सदस्यों ने रविवार को इस्तीफा दे दिया. लोक भवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनिमा हांसदा, अजीता भट्टाचार्य और जमाल अहमद के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं. तीनों सदस्यों ने सीआईडी की ओर से पूछताछ के लिए तलब किए जाने के बाद इस्तीफा दिया है. जांच एजेंसी ने उन्हें पेपर लीक और अन्य कथित अनियमितताओं से जुड़े आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया है.

सीआईडी ने पूछताछ के लिए भेजा समन

सीआईडी अब जेपीएससी के तीनों पूर्व सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ करेगी. जानकारी के मुताबिक अजीता भट्टाचार्य से सोमवार को पूछताछ होनी है. वहीं जमाल अहमद को 12 अगस्त और अनिमा हांसदा को 14 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. अजीता भट्टाचार्य झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी हैं. तीनों सदस्यों की नियुक्ति सितंबर 2021 में हुई थी. अब सीआईडी की पूछताछ में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े कथित अनियमितताओं के संबंध में उनकी भूमिका और उपलब्ध जानकारी की पड़ताल की जाएगी.

आयोग के अध्यक्ष भी दे चुके हैं इस्तीफा

जेपीएससी में इस्तीफों का सिलसिला सदस्यों तक ही सीमित नहीं है. आयोग के अध्यक्ष एल. खियांग्ते इससे पहले 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं. कथित परीक्षा अनियमितताओं के मामले में उनसे भी सीआईडी पूछताछ कर चुकी है. जानकारी के मुताबिक खियांग्ते से 28 जुलाई के बाद अब तक चार बार लंबी पूछताछ की जा चुकी है. वहीं, जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है.

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत भी बेनतीजा

मामले को लेकर राज्य सरकार और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच रविवार को छठे दौर की बातचीत हुई, लेकिन इसमें भी कोई समाधान नहीं निकल सका. छात्र अपनी मांगों पर कायम हैं और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं. वहीं, सीजीएल परीक्षा को लेकर राज्य सरकार का कहना है कि यह परीक्षा अदालत की निगरानी में आयोजित हुई है, इसलिए इसे रद्द करना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है. सरकार ने सीबीआई जांच का आदेश देने के अधिकार को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है.

ये भी पढ़ें- RG Kar Case: आरजी कर केस में फिर खुलेगी जांच की फाइल, विधायक मां की मांग पर CM शुभेंदु ने लिया बड़ा फैसला